बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. बी आर चोपड़ा के आइकॉनिक सीरियल महाभारत समेत कई हिंदी फिल्मों में काम कर चुकीं आशा सिंह जयसवाल अब हमारे बीच नहीं रहीं. शनिवार 22 अगस्त के दिन उनका निधन हुआ. शाम 7.30 बजे उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. आशा जी के बेटे आकाश सिंह ने इसकी पूरी जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी.
दिग्गज कलाकार थीं आशा सिंह
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशा सिंह जयसवाल लंबे समय से बीमार चल रही थीं. उनके बेटे आकाश सिंह ने 23 अगस्त की सुबह 10 बजे अपनी मां का अंतिम संस्कार किया. उन्होंने अपनी मां और वेटरन एक्ट्रेस के लिए लिखा- चरित्र अभिनेत्री, समाजसेविका और भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट (मीना कुमारी की आवाज की नकल करने वाली कलाकार) और भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट कंपनी आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स की संस्थापक, मालिक और संचालक का 22 अगस्त 2026 को शाम 7:30 बजे निधन हो गया.
'वो एक बहुत मेहनती और मजबूत इरादों वाली महिला थीं. आप सभी उनकी आत्मा की शांति और सद्गति के लिए प्रार्थना करें. साथ ही, सोशल मीडिया पर उनके काम को जरूर देखें और उन्हें याद रखें, ताकि जहां भी उनकी आत्मा हो, उन्हें ये जानकर खुशी मिले कि लोग आज भी उनके काम को देख और याद कर रहे हैं. उनकी पूरी जिंदगी में उनका काम ही सबसे महत्वपूर्ण था. यही काम उनकी मृत्यु के बाद उन्हें शांति और मोक्ष दिलाए, इसी उम्मीद के साथ यह संदेश साझा किया जा रहा है. मृत्यु का दुख नहीं, बल्कि ब्रह्मानंद की ओर यात्रा—यही उनका संदेश था.'
अश्वत्थामा की मां का निभाया रोल
आशा सिंह ने महाभारत सीरियल में कृपी का रोल अदा किया था, जो गुरू कृपाचार्य की बहन, गुरू द्रोणाचार्य की पत्नी और योद्धा अश्वत्थामा की मां थीं. वो 1970 से इंडस्ट्री में काम कर रही थीं. टीवी की दुनिया में वो एक जाना-पहचाना नाम थीं. उनके जाने से कई लोग दुखी हैं. फिल्म इंडस्ट्री भी उनके योगदान को शायद ही कभी भुला पाएगी.