बॉलीवुड फैन्स के फेवरेट 'लॉर्ड बॉबी' की नई फिल्म बंदर शुक्रवार को बहुत पॉजिटिव रिव्यूज के साथ रिलीज हुई थी. डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने इस फिल्म में बॉबी देओल को एक ऐसे रोल में पेश किया है, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं निभाया. इस रोल के लिए बॉबी को क्रिटिक्स के रिव्यूज से लेकर, जनता के वर्ड ऑफ माउथ तक जमकर तारीफें मिली हैं.
ज्यादातर लोगों ने इसे बॉबी के करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस बताया है, मगर फिल्म लवर्स को चिंता बंदर की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस की है. शुक्रवार को रिलीज हुई बंदर ने बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ा टोटल नहीं खड़ा किया है. ऐसे में पहला वीकेंड पूरा होने के बाद बॉबी के फैंस और नॉर्मल सिनेमा लवर्स में ये सवाल है कि बंदर हिट है या फ्लॉप? चलिए बताते हैं इस सवाल का जवाब क्या है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि शुक्रवार को बंदर ने 50 लाख रुपये नेट कलेक्शन के साथ खाता खोला था. पॉजिटिव रिव्यूज और वर्ड ऑफ माउथ का फायदा शनिवार को खूब नजर आया. 90% के शानदार जंप के साथ दूसरे दिन बंदर ने 95 लाख रुपये कमाए. और संडे का कलेक्शन फाइनली 1 करोड़ का आंकड़ा टच कर गया. पहले वीकेंड में बंदर ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर कुल 2.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है.
जनता को नॉर्मली फिल्मों की कमाई के ऐसे बड़े आंकड़े देखने की आदत होती है, जो बंदर के कलेक्शन से बहुत ज्यादा होते हैं. लेकिन पूरी तस्वीर तभी बनती है जब आप कमाई के साथ फिल्म के शोज की गिनती देखते हैं.
बंदर एक टिपिकल अनुराग कश्यप फिल्म है— गंभीर, गूढ़ और दिमाग के अंधेरे कोनों में बत्ती जलाने वाली. ऐसी फिल्मों को मास ऑडियंस की भीड़ नहीं मिलती. इसलिए मेकर्स ही इस फिल्म को लिमिटेड स्क्रीन्स के साथ उतारना चाहते थे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट बताती है कि मेकर्स 500 तक स्क्रीन्स पर ही फिल्म रिलीज करना चाहते थे. लेकिन बीते वीकेंड बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का पूरा जत्था गिरा है— बॉलीवुड की है जवानी तो इश्क होना है, पैन इंडिया फिल्म पेद्दी, हॉलीवुड रिलीज ही-मैन.
एक हफ्ते पुरानी मराठी फिल्म देऊल बंद 2 और हॉलीवुड फिल्म ऑब्सेशन शानदार बिजनेस कर रही हैं, इसलिए इस वीकेंड थिएटर्स ने इनके शोज बढ़ा दिए. भूत बंगला जैसी डेढ़ महीने पुरानी फिल्म और दूसरी कई पिछली रिलीज के शोज भी वीकेंड में बढ़ते हैं. इसलिए बंदर को वो लिमिटेड 500 शोज भी पूरे नहीं मिले, जो मेकर्स चाहते थे.
बंदर के मेकर्स ने दोपहर 1 बजे के बाद, 5 स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स में 4 शोज और 4 स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स में 3 शोज की डिमांड की थी. लेकिन पीवीआर और सिनेपोलिस मिलकर है जवानी तो इश्क होना है डिस्ट्रिब्यूट कर रहे हैं, और पीवीआर पेद्दी का भी डिस्ट्रिब्यूटर है. इसलिए इन दो फिल्मों के आगे बंदर के शोज बहुत ही कम रहे.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि बंदर को पहले दिन 1400 से थोड़े कम शोज ही मिले, जो संडे तक और घटकर 1100 से भी कम रह गए. यानी शुक्रवार से संडे तक शोज घटने के बावजूद बंदर का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डबल हो गया. इससे पता चलता है कि ऑडियंस में तो बंदर की डिमांड है, मगर थिएटर्स इसे वीकेंड में शो नहीं दे पाए. जितने शोज बंदर को मिले उसके हिसाब से इसकी कमाई बहुत दमदार है. अब देखना है कि मंडे से थिएटर्स बॉबी देओल की फिल्म पर कितना मेहरबान होते हैं.
बजट की बात करें तो, रिपोर्ट्स बंदर का बजट 25 करोड़ रुपये के आसपास बताती हैं. ये बजट तो मेकर्स ओटीटी डील से ही रिकवर कर लेंगे, इसलिए उन्हें घाटे की चिंता नहीं होगी. लेकिन एक लिमिटेड ऑडियंस को अपील करने वाली फिल्म होने और बेहद कम शोज मिलने के बावजूद बंदर की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस यकीनन बहुत अच्छी है. मंडे से शोज बढ़ते हैं या नहीं, और कामकाजी दिनों में दर्शक बंदर के लिए थिएटर तक जाने की जहमत उठाते हैं या नहीं; इससे फिल्म के बॉक्स ऑफिस हिट/फ्लॉप कहलाने की तस्वीर साफ होगी.