अरिजीत सिंह इंडस्ट्री के वो सिंगर हैं, जिनकी आवाज का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता है. इसलिए जब से उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया है, इंडस्ट्री और फैन्स के दिलों में खलबली मच गई. हर कोई उनसे उनका फैसला वापस लेने की गुहार लगा रहा है. प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने के बाद सिंगर ने पहला पोस्ट शेयर किया है. इस पोस्ट में उन्होंने अपने अधूरे गानों के बारे में बात की है.
अरिजीत की पोस्ट
अरिजीत सिंह ने 24 फरवरी को X अकाउंट पर फैन्स के लिए एक मैसेज लिखा. उन्होंने लिखा कि ये मैसेज सिर्फ मेरे श्रोताओं के लिए है. अगर आप मेरे श्रोता नहीं हैं, तो प्लीज इसे न पढ़ें और दाईं ओर स्वाइप न करें. ये विनम्र अनुरोध है.
उन्होंने कहा कि उन्होंने नए प्लेबैक प्रोजेक्ट्स साइन करना बंद कर दिया है, लेकिन उनके पास रिलीज होने के लिए कई पेंडिंग गाने हैं. अरिजीत लिखते हैं कि नमस्कार प्यारे लोगों. मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं. इस निर्दयी दुनिया में आपके प्यार और विनम्रता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मैंने नए असाइनमेंट लेना बंद कर दिया है, लेकिन आप जानते हैं कि पेंडिंग गाने काफी सारे हैं. मुझे अभी बहुत सारे गाने पूरे करने हैं. लोगों को समझाने में समय बर्बाद न करें, आप कितनी बार समझाएंगे? इतने सारे अधूरे गाने हैं, जो पूरे होने तक रिलीज होते रहेंगे. शायद पूरे साल भर. शायद अगले साल तक भी. शांत रहें और इस प्लेटफॉर्म से दूर रहने की कोशिश करें.
अरिजीत ने कहा कि अपनी बॉडी से स्पाइक प्रोटीन निकालें, 5 ग्राम छोड़ दें, पढ़ें, प्यार करें, ध्यान करें. जय देवी. और कौन जानता है आगे क्या होगा.
अरिजीत की इस पोस्ट पर एक फैन ने रिएक्ट करते हुए कहा कि आपको प्रीतम, मिथुन और रहमान के लिए नए असाइनमेंट्स नहीं रोकने चाहिए. ये सभी श्रोताओं का विनम्र अनुरोध है. अरिजीत ने जवाब में क्रिप्टिक कमेंट किया. उन्होंने लिखा- कुछ लोग खुद के लिए कंपोज करते हैं, किसी और के लिए नहीं.
अरिजीत के इस कमेंट ने सबको चौंका दिया. फैन्स कयास लगा रहे हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा. किसी ने कहा कि उन्होंने बड़े कंपोजर्स पर तंज कसा है. इंडस्ट्री की इसी पॉलिटिक्स की वजह से ही उन्होंने इंडिपेंडेंट कंपोजिशन करने का फैसला लिया है.