
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन 18वें दिन भी जारी है. कई सेलेब्स ने सोनम के सपोर्ट में अपनी आवाज उठाई है. अब फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने इंस्टा स्टोरी पर सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्ट डाले हैं. अनुराग का कहना है कि उनमें इतनी हिम्मत नहीं है कि वो अनशन कर सकें. उन्होंने वांगचुक को बहादुर बताया.
अनुराग का फूटा गुस्सा
इंस्टाग्राम स्टोरी में फिल्ममेकर ने लिखा, एक वक्त था जब भूख हड़ताल का कुछ मतलब हुआ करता था. लोग बस यूं ही भूख हड़ताल पर नहीं बैठते हैं. ये देखना बेहद दुखद है कैसे सिस्टम लोगों की जिंदगी के प्रति इतना बेपरवाह हो गया है. भूख हड़ताल वो ही इंसान कर सकता है जिसके अंदर दूसरों के लिए संवेदना हो. जो सच और न्याय में भरोसा रखता हो. जो कुछ सोनम वांगचुक ने किया वो करने का जिगरा मेरे अंदर नहीं है. मगर सत्ता में बैठे लोगों की चुप्पी इतनी गहरी है कि ये उनके गुनाह और किसी की जान लेने की नीयत को साबित करता है. मैं बहादुर सोनम वांगचुक के साथ खड़ा हूं.



अनुराग यहीं पर चुप नहीं रहे. उन्होंने इंस्टा पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा- अब हद हो रही है. कैप्शन में वो लिखते हैं- बहरे भी इतने बहरे नहीं होते और अंधे भी इतने अंधे नहीं होते. जानवरों और राक्षसों के दिल भी इतने पत्थर नहीं होते. ये उनसे भी बदतर आदमखोर हैं. अब चुप रहने में शर्म आने लगी है.
अनुराग कश्यप से पहले कई सेलेब्स ने वांगचुक को अपना सपोर्ट दिया है. प्रकाश राज, चिन्मयी श्रीपादा, ओमी वैद्य, जीनत अमान, अभय देओल, सोनी राजदान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, शबाना आजमी, रुबीना दिलैक जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर वांगचुक की लड़ाई में उनका साथ दिया है. कईयों ने वांगचुक से अपना अनशन तोड़ने की अपील की.
मंगलवार को स्वरा भास्कर जंतर मंतर जाकर वांगचुक से मिली थीं. मालूम हो, दिल्ली के जंतर मंतर में कॉकरोच जनता पार्टी 6 जून से प्रदर्शन कर रही है. सोनम वांगचुक 28 जून को इस प्रोटेस्ट से जुड़े. तबसे वो आमरण अनशन पर हैं. वांगचुक और सीजेपी ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगा है.