बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस में शुमार अनीता कंवल ने उन खबरों का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और लोगों से मदद मांग रही हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि छह महीने पहले दिए गए एक इंटरव्यू में उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया था. एक्ट्रेस ने बताया कि इन खबरों की वजह से उन्हें काफी मानसिक परेशानी हुई और उनकी नींद तक उड़ गई.
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में, अनीता कंवल ने बताया कि रात के 3:45 बज रहे हैं और वह अभी भी जाग रही हैं. वह इस बात से काफी परेशान हैं कि कुछ न्यूज़ चैनलों ने उनकी आर्थिक स्थिति को किस तरह से पेश किया है. इस विवाद के पीछे की सच्चाई बताते हुए, कंवल ने कहा कि लगभग छह महीने पहले पत्रकार विक्की लालवानी ने उनका इंटरव्यू लिया था. बातचीत के दौरान, उनसे पूछा गया था कि अगर उनके पास कोई कमाई या काम का मौका न हो, तो वह कितने समय तक अपना खर्च चला सकती हैं.
एक्ट्रेस ने वीडियो शेयर कर क्या कहा?
एक्ट्रेस ने याद करते हुए बताया कि उन्होंने कहा था कि वह बिना किसी कमाई के लगभग एक से डेढ़ साल तक अपना गुजारा कर सकती हैं. उन्होंने कहा, 'ऐसे लिख रहे हैं जैसे मैं लोगों से भीख मांग रही हूं. यह गलत बात है.' उन्होंने आरोप लगाया कि उनके जवाब को सनसनीखेज बना दिया गया, जिससे लोगों को लगा कि वह दूसरों से आर्थिक मदद मांग रही हैं.
एक्ट्रेस ने कहा कि वह एक प्रतिष्ठित और संपन्न परिवार से ताल्लुक रखती हैं और अगले 10 सालों तक अपनी आर्थिक स्थिति को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि इंटरव्यू के बाद से उनके हालात बदल गए हैं; उन्हें एक फिल्म प्रोजेक्ट मिल गया है, इंस्टाग्राम पर कोलैबोरेशन के ऑफर आने लगे हैं और उन्होंने खुद अपनी एक 'रील ड्रामा सीरीज' भी शुरू की है.
उन्होंने आगे कहा, 'आप लोग ऐसे लिख रहे हैं जैसे मेरे पास पैसे नहीं हैं और मैं लोगों से भीख मांग रही हूं. यह गलत बात है! ऐसा क्यों दिखाया जा रहा है कि अनीता आर्थिक संकट में फंसी हैं? जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है.'
कंवल ने साफ किया कि वह ठीक हैं और बस अपने फ्यूचर को सुरक्षित करने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने बच्चों से भी आर्थिक मदद नहीं लेना चाहतीं, तो फिर वह किसी और से मदद क्यों मांगेंगी? 'मेरे नाम को इस तरह बदनाम मत करो, इस उम्र में...'