एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. हिंदी सिनेमा से लेकर टेलीविजन इंडस्ट्री तक हिमानी शिवपुरी का बड़ा नाम है. अपने हर एक किरदार और दमदार एक्टिंग से उन्होंने हमेशा फैंस का दिल जीता है. लेकिन अब मुंबई के शोर-शराबे से दूर एक्ट्रेस गांव में सुकून के पल बिता रही हैं. हिमानी बीते लंबे समय से लगातार अपने गांव से वीडियोज शेयर करके फैंस को भी ट्रीट दे रही हैं.
पहाड़ों पर सैर पर निकलीं एक्ट्रेस
हिमानी शिवपुरी इस समय उत्तराखंड के गांव भटवाड़ी में हैं. भटवाड़ी उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित एक खूबसूरत और ऐतिहासिक गांव है. यहां हिमानी पहाड़ों के बीच सुकून की जिंदगी गुजार रही हैं. अपने गांव की खूबसूरती की एक्ट्रेस ने फैंस को भी झलक दिखाई. उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी मिलवाया.
हिमानी ने पहाड़ों पर सैर करते हुए एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने खेत दिखाए, जो अब बंजर बन गए हैं. एक्ट्रेस ने अलग-अलग तरह के पेड़ भी दिखाए. वीडियो में हिमानी ने पयां का पेड़ भी दिखाया. एक्ट्रेस ने पहाड़ों पर उगने वाले खास फल और जंगली नाशपाती भी दिखाई.
वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा- अपनी बुआ के साथ पहाड़ों की सैर पर निकली हूं. उन्होंने मुझे वहां के अलग-अलग फलों के पेड़ों के बारे में बताया, जैसे काफल.
पुश्तैनी घर की दिखाई झलक
हिमानी ने गांव में बने अपने पुश्तैनी घर के बाहर से कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं. वो काफी चहकती नजर आईं. तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- सुप्रभात. गांव का सुकून, ताजी हवा, अपनों का प्यार, घर की सब्जियां, सेम की फलियां, पहाड़ी झरने का पानी, एकदम शुद्ध चश्मे का पानी… क्या-क्या गिनाएं.
इतनी बड़ी एक्ट्रेस होने के बावजूद हिमानी आम लोगों की तरह सादगी से पहाड़ों पर बसे गांव में हंसी-खुशी सुकून के पल बिता रही हैं. उनके फोटोज और वीडियो देखकर फैंस भी खुशी से गदगद हो गए हैं. पहाड़ों पर बसे खूबसूरत गांव का नजारा देखना फैंस के लिए भी किसी ट्रीट से कम नहीं है.
बता दें कि हिमानी शिवपुरी ने साल 2025 में अपने भटवाड़ी गांव को गोद लिया था. वो गांव के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं. वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्ट्रेस 'हम आपके हैं कौन', 'जोड़ी नंबर वन', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'हम साथ साथ हैं', 'दुल्हन हम ले जाएंगे', 'हद कर दी आपने' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं.