बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के साल 1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर बन रही फिल्म 'काला हिरण' इन दिनों विवादों में फंसी हुई है. अमित जानी के प्रोडक्शन तले बन रही इस फिल्म को लेकर खुद सलमान खान ने रिलीज पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अब इस बड़े विवाद के बीच अब फिल्म को लेकर एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है.
दरअसल फिल्म में सलमान खान का मुख्य किरदार निभाने जा रहे एक्टर सोनू मिश्रा ने अचानक इस प्रोजेक्ट को छोड़ दिया था. सोनू मिश्रा ने मीडिया के सामने आकर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं और बताया है कि फिल्म के पीछे मेकर्स का मकसद कितना गलत था, जिसके चलते उन्होंने बीच में ही शूटिंग छोड़ दी.
सलमान खान का रोल मिलने पर खुश थे सोनू
एक्टर सोनू मिश्रा ने bollywood crazies से खुलकर बात करते हुए बताया कि जब उन्हें शुरुआत में इस फिल्म का ऑफर मिला था, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था. सोनू ने कहा, 'मैं इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित था क्योंकि मुझे पर्दे पर सुपरस्टार सलमान खान का आइकॉनिक रोल निभाने का मौका मिला था. मैंने तो बकायदा फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी. लेकिन काम शुरू होने के बाद मुझे समझ आया कि जब मेकर्स का मकसद ही गलत हो, तो एक सच्चे कलाकार के तौर पर मैं ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं रह सकता. इसमें कोई दोराय नहीं है कि हर किसी का अपना एक नजरिया होता है, लेकिन इस फिल्म में सुपरस्टार सलमान खान को बेहद गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और दर्शकों के सामने सिर्फ एकतरफा कहानी परोसी जा रही है.'
स्क्रिप्ट मांगते ही खुली मेकर्स की पोल
सोनू मिश्रा ने फिल्म को बीच में ही छोड़ने की सबसे बड़ी वजह का खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने मेकर्स के साथ कोई परमानेंट कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया था. सोनू के मुताबिक, 'मैंने यह फिल्म इसलिए छोड़ दी क्योंकि मैंने अभी तक कोई ऑफिशियल एग्रीमेंट साइन नहीं किया था. हमने करीब दो दिनों तक फिल्म की शूटिंग की, जिसके बाद मैंने मेकर्स से एग्रीमेंट और फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट मांगी. मुझे महसूस होने लगा था कि वे एक बड़े सुपरस्टार की इमेज खराब करने के लिए एकतरफा कहानी गढ़ रहे हैं. जब मैंने कागजात मांगे, तो उन्हें भी अंदाजा हो गया कि मैं उनके बुने हुए जाल में फंसने वाला इंसान नहीं हूं.'
सोनू ने कहा, 'काफी समय बाद जब उन्होंने मुझे चीजें दिखाईं, तो मुझे पता चला कि मुझे मीडिया के सामने जाकर उस बड़े स्टार (सलमान खान) के खिलाफ गलत और आपत्तिजनक बातें कहनी थीं. यह सब पूरी तरह से सोची-समझी साजिश का हिस्सा था, जो मेरे उसूलों के बिल्कुल खिलाफ था. यही वजह है कि मैंने तुरंत फिल्म से अलग होने का फैसला किया.'
दिल्ली हाई कोर्ट ने मेकर्स को भेजा नोटिस
इस पूरे मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है और कोर्ट की चौखट तक पहुंच चुका है. दिल्ली हाई कोर्ट ने 12 जून, 2026 को इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए 'काला हिरण' के मेकर्स को एक आधिकारिक नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने मेकर्स से इस पूरे विवाद पर अपना ऑफिशियल पक्ष रखने को कहा है. अदालत अब इस गंभीर मामले की अगली सुनवाई 19 जून, 2026 को करेगी, जिस पर पूरे बॉलीवुड की नजरें टिकी हुई हैं.