
सिनेमा लवर्स के लिए आने वाले कुछ महीने काफी एंटरटेनिंग होने वाले है क्योंकि बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों के सीक्वल रिलीज होने की कतार में हैं. जिनका इंतजार ऑडियंस सालों से कर रहे हैं. फिर चाहे इमरान हाशमी का दिल टूटने वाला रोमांस हो या अजय देवगन का दिमाग हिला देने वाला सस्पेंस. आइए डालते हैं एक नजर उन बड़ी फिल्मों पर जो इस साल आपकी स्क्रीन पर दस्तक देने वाली हैं.
पति पत्नी और वो 2
कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर 'पति पत्नी और वो' का दूसरा पार्ट अब 15 मई को रिलीज होने के लिए तैयार है. पहले यह फिल्म 4 मार्च को आने वाली थी, लेकिन काम में देरी की वजह से इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है. इस बार आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह जैसे सितारें इसमें नजर आएंगे. मुदस्सर अजीज के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म एक बार फिर शादीशुदा जिंदगी की खट्टी-मीठी उलझनों को पर्दे पर उतारने के लिए तैयार हैं.
धमाल 4
हंसी और ठहाकों का सफर 'धमाल 4' के साथ और भी मजेदार होने वाला है. इस फिल्म में अजय देवगन, संजय मिश्रा और जावेद जाफरी जैसे कलाकार अपनी कॉमिक टाइमिंग से सबको लोटपोट करेंगे. पहले यह फिल्म 2026 की ईद पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन दूसरी बड़ी फिल्मों 'धुरंधर' और 'टॉक्सिक' से क्लैश टालने के लिए मेकर्स ने अब 12 जून की तारीख तय की है.

कॉकटेल 2
आज के दौर के रिश्तों, दोस्ती और प्यार की पेचीदगियों को दिखाने वाली फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल 19 जून को रिलीज होगा. होमी अदजानिया के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की नई और फ्रेश जोड़ी नजर आएगी. लव रंजन की लिखी गई यह कहानी जज्बाती उतार-चढ़ाव और बदलते जमाने के प्यार को नए अंदाज में पेश करेगी. युवाओं के बीच इस फिल्म को लेकर अभी से काफी क्रेज देखा जा रहा है.
आवारापन 2
इमरान हाशमी के फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी है 'आवारापन 2' का ऐलानच इस फिल्म में इमरान एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार 'शिवम' के रूप में वापसी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस सीक्वल का जादू अभी से सिर चढ़कर बोल रहा है. नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में दिशा पटानी भी लीड रोल में होंगी. पहले 4 अप्रैल को आने वाली यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में धमाका करेगी.
दृश्यम 3
सस्पेंस और थ्रिलर के शौकीनों के लिए 'दृश्यम 3' इस साल का सबसे बड़ा गिफ्ट है. विजय सालगांवकर का किरदार निभा रहे अजय देवगन एक बार फिर अपने परिवार को बचाने के लिए नई चालें चलते नजर आएंगे. अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बन इस आखिरी चैप्टर में तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपने पुराने अंदाज़ में दिखेंगे. यह फिल्म 2 अक्टूबर को रिलीज होगी.