अभिषेक बच्चन को अक्सर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अंडररेटेड एक्टर्स में से एक माना जाता है. उनके नाम कई बढ़िया फिल्में हैं. फिर भी उन्हें अक्सर अपने मेगास्टार पिता अमिताभ बच्चन से तुलना का सामना करना पड़ता है.
दर्शकों के फीडबैक को ज्यादातर एक्टर्स अहमियत देते हैं. लेकिन एक शख्स, जिसकी राय जानने से अभिषेक बच्चन जानबूझकर बचते हैं, वो हैं उनकी बेटी आराध्या बच्चन. ऐसा क्यों है, इसके बारे में एक्टर ने अपने नए इंटरव्यू में बताया है.
IFP से हालिया बातचीत में जब अभिषेक बच्चन से पूछा गया कि आराध्या उनकी फिल्मों पर क्या रिएक्शन देती हैं, तो उनका जवाब साफ था, 'मैं कभी उनसे नहीं पूछूंगा.'
इसका कारण समझाते हुए उन्होंने कहा, उस विचार को अपने दिमाग में ही रहने दूंगा. एक बार अगर उन्होंने जवाब दे दिया, चाहे उन्हें पसंद आए या न आए, तो वो मेरे काम करने के तरीके को बदल देगा. ड्यूटी के तौर पर मैं उनसे नहीं पूछता, क्योंकि शायद मैं इतना मजबूत नहीं हूं कि उनकी बात सुन सकूं. मैं उनके पसंद या नापसंद के भ्रम में ही जीना पसंद करूंगा.'
अभिषेक बच्चन ने आगे कहा कि आजकल के बच्चे ज्यादा एक्सप्रेसिव और ईमानदार होते हैं. उन्होंने कहा, 'आज के बच्चे बहुत कॉन्फिडेंट होते हैं और उन्हें ठीकठीक पता होता है कि वो क्या चाहते हैं. वो इसे बहुत अच्छे से कम्यूनिकेट कर लेते हैं. मेरी जनरेशन के लोगों के लिए कभी-कभी सिर्फ सुनना भी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि बच्चे बेहद ईमानदार होते हैं. उन्हें ऐसा होना भी चाहिए, लेकिन हमेशा वो सुनना अच्छा नहीं लगता. एक पेरेंट के तौर पर मैं अभी वो काम करना चाहता हूं जिसमें मुझे विश्वास हो, बिना उसकी राय से प्रभावित हुए. शायद समय के साथ ये बदल जाए.'
मगर अभिषेक बच्चन ने ये भी माना कि ऐसा वक्त आ सकता है जब वो आखिरकार आराध्या से पूछ लेंगे. उन्होंने कहा, 'भगवान की कृपा से, अगर मैं तब तक जिंदा रहा जब आराध्या के खुद के बच्चे होंगे, तो शायद तब मैं उनसे पूछ लूं. लेकिन अभी मैं उनकी सोच से प्रभावित नहीं होना चाहता. मुझे नहीं लगता कि मैं कभी उनसे पूछूंगा.' उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा, 'मुझे यकीन है कि वो खुद कोई न कोई मौका ढूंढकर मुझे बता देगी, लेकिन मैंने कभी पूछा नहीं है.'
अभिषेक ने ये तो नहीं बताया कि आराध्या उनकी फिल्में देखती हैं या नहीं, लेकिन पहले उन्होंने बताया था कि पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या, दोनों हमेशा से उनको बहुत सपोर्ट करती रही हैं. उन्होंने ऐश्वर्या को ये श्रेय भी दिया कि उन्होंने आराध्या में फिल्म इंडस्ट्री और एक्टर के क्राफ्ट के प्रति गहरा सम्मान पैदा किया है.
एक्टर ने कहा, 'ऐश्वर्या ने हमेशा आराध्या को सिखाया है कि हम जो कुछ भी हैं, वो सिनेमा की वजह से हैं.'
बात करें दोनों के रिश्ते की तो उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत फिल्म 'गुरु' से हुई थी. फिर 2007 में उन्होंने शादी की. 2011 में आराध्या बच्चन का जन्म हुआ था.