ये जगजाहिर है कि लालू प्रसाद यादव और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच छत्तीस का आंकड़ा है. लेकिन जब मौसम चुनावी हो तो प्रतिद्वंद्धिता की तपिश और भी बढ़ जाती है.
ऐसा ही नजारा औरंगाबाद के गांधी मैदान में बुधवार को देखने को मिला जब चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे लालू यादव मंच पर सजे कमल के फूल को देख भड़क उठे. आक्रोशित लालू ने कार्यकर्ताओं और सजावटकर्ताओं को डांट पिलाते हुए तुरंत फूल नोंचकर फेंकने को कहा.
राजद के मुखिया के गुस्से को देखकर मंच पर उपस्थित कार्यकर्ता तुरंत फूल पर पिल पड़े और देखते ही देखते मंच पर मौजूद सारे फूल नोंचकर फेंक दिए गए. गौरतलब है कि लालू यादव औरंगाबाद में कांग्रेस के प्रत्याशी और केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे.