बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले राहुल गांधी के गले में बम बांधकर पाकिस्तान भेज देना चाहिए. महाराष्ट्र के जालना में एक कार्यक्रम में पंकजा मुंडे ने कहा कि आजकल कोई भी खड़ा होता है और नरेंद्र मोदी से सवाल करने लगता है कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुआ, कितने लोग मरे? वहीं पंकजा मुंडे के इस बयान पर उनकी मुश्किले बढ़ सकती हैं. ये मामला चुनाव आयोग के पास पहुंच गया है. जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव आयोग को इस बावत पंकजा मुंडे के भाषण का वीडियो और ट्रांसक्रिप्शन भेजा जा रहा है. चुनाव आयोग पंकजा मुंडे के इस बयान पर कार्रवाई कर सकता है.
रविवार को महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष राव साहेब दानवे की एक सभा में पंकजा मुंडे ने कहा, "हमने अपने सैनिकों पर कायराना हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक किया, वे पूछते हैं कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुआ, मैं कहती हूं राहुल गांधी के गले में बम बांध दो और उसे वहां भेज दो, आजकल कोई भी खड़ा होता है और पीएम नरेंद्र मोदी से सवाल करने लगता है, मोदी ऐसे लोगों को जानते तक नहीं फिर भी ये लोग पूछते हैं कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुई, कितने लोग मरे, ऐसे लोगों को बम से बांध देना चाहिए और हेलिकॉप्टर से फेंक देना चाहिए. तब इन लोगों को पता चल जाता"
पंकजा मुंडे ने कहा कि ये लोग आर्मी पर शक कर रहे हैं. ऐसे लोगों को चाहिए कि जिस तरह से सीमा पर हमारे जवान संघर्ष कर रहे हैं उसी तरह लोकतंत्र के सिपाही के रूप में आपको भी लड़ना चाहिए." साल 2016 में जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के कैंप पर आतंकी हमला हुआ था. इस हमले में सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे. इस हमले के बाद भारत ने सितंबर 2016 में पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक की थी और आतंकी ठिकानों को नेस्तानाबूद कर दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की कार्रवाई में 30 से 35 आतंकी मारे गए थे.Maharashtra Min Pankaja Munde:We did surgical strike after cowardly attack on our soldiers.Some ppl ask what was surgical strike&what's the evidence?I say we should've attached a bomb to Rahul Gandhi&should have sent him to another country. Then they would have understood.(21.04) pic.twitter.com/KU96yAzoFD
— ANI (@ANI) April 22, 2019
बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे महाराष्ट्र सरकार में ग्रामीण विकास और महिला और बाल विकास मंत्री हैं. पंकजा मुंडे की बहन प्रीतम मुंडे इस बार बीड निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं. यहां पर 18 अप्रैल को मतदान हो चुका है.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए सब्सक्राइब करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़लेटर