पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी भी जोर-शोर से प्रचार में जुटने के लिए रणनीति बना रही है. पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ बीजेपी 1 मार्च से बड़े स्तर पर 'परिवर्तन यात्रा' शुरू करने जा रही है.
'परिवर्तन यात्रा' के जरिए बीजेपी राज्य के कोने-कोने तक पहुंचने और ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में है. पार्टी 1 और 2 मार्च को कुल 9 अलग-अलग परिवर्तन यात्राएं शुरू करेगी. इन यात्राओं का आगाज बड़ी जनसभाओं के साथ होगा, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है.
इस अभियान के तहत बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता राज्य भर में लगभग 5000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे. पार्टी ने त्योहारों का भी विशेष ध्यान रखा है. होली की वजह से 3 और 4 मार्च को यात्रा नहीं होगी, ताकि कार्यकर्ता और जनता त्योहार मना सकें.
दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
दिल्ली से बीजेपी के कई दिग्गज नेता इस परिवर्तन यात्रा का हिस्सा बनेंगे. 1 और 2 मार्च को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रमों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, नितिन नवीन और स्मृति ईरानी समेत कुल 9 राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे.
300 से अधिक रैलियों का आयोजन
बीजेपी ने इस यात्रा के लिए बड़ी योजना बनाई है. 10 मार्च तक राज्य भर में 300 से अधिक रैलियां आयोजित की जाएंगी. जिस भी विधानसभा क्षेत्र से यात्रा गुजरेगी, उसके अगले दिन वहां एक बड़ी रैली और बैठक आयोजित की जाएगी. इससे हर विधानसभा सीट पर पार्टी की मौजूदगी दर्ज कराई जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: हर विधानसभा सीट के लिए चार्जशीट... पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी की खास रणनीति
विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
बीजेपी की परिवर्तन यात्रा कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगैड परेड ग्राउंड में खत्म होगी. इस समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. हालांकि, पीएम मोदी की इस रैली की तारीख का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि ये बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो सकती है.