पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची के मुताबिक बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है. इसे बीजेपी की एक सोची-समझी रणनीति माना जा रहा है.
अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी पिछले कई दिनों से शुभेंदु अधिकारी को भवानीपुर से लड़ाने पर विचार कर रही थी. इसके पीछे का असल मकसद ममता बनर्जी को उनके अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में उलझाए रखना है.
बीजेपी का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी के मैदान में होने से ममता बनर्जी को भवानीपुर में ज्यादा समय देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिससे बाकी बंगाल में उनके प्रचार पर असर पड़ेगा. बता दें कि 2021 के विधानसभा चुनावों में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था.
ममता बनर्जी की स्ट्रैटेजी
आमतौर पर ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ती हैं, लेकिन वो वहां प्रचार के लिए बहुत कम समय देती हैं. उन्हें भरोसा रहता है कि वो बिना सक्रिय प्रचार के भी वहां से जीत जाएंगी, इसलिए वो अपना पूरा समय बंगाल के अन्य हिस्सों में चुनाव प्रचार के लिए बचाकर रखती हैं.
उम्मीदवारों की सूची में विविधता और सामाजिक समीकरण
बीजेपी की पहली सूची में केवल राजनीतिक चेहरे ही नहीं, बल्कि समाज के कई वर्गों के लोगों को भी जगह दी गई है. पहली सूची में 'वंदे मातरम' के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के परिवार से सौमित्र चट्टोपध्याय को नैहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
बीजेपी के घोषित उम्मीदवारों में 41 मौजूदा विधायक, 3 पूर्व विधायक और 2 पूर्व सांसद (स्वपन दासगुप्ता- रासबिहारी और दिलीप घोष- खड़गपुर सदर) शामिल हैं. कुल 144 सीटों में से 23 शिक्षक, 8 सामाजिक कार्यकर्ता, 6 वकील, 5 डॉक्टर और 3 पत्रकारों को टिकट दिया गया है.
महिलाओं और युवाओं को मौका
सूची में 3 आध्यात्मिक नेता, 3 पूर्व सैनिक, फिल्म जगत की 2 हस्तियां और क्रिकेटर अशोक डिंडा को भी शामिल किया गया है. बीजेपी ने अपनी पहली सूची में युवाओं और महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व देने की कोशिशि की है. 11 सीटों पर महिला उम्मीदवारों को उतारा गया है. 40 साल से कम आयु के 36 उम्मीदवारों को टिकट मिला है.
यह भी पढ़ें: बंगाल में अफसरों के ट्रांसफर पर ममता बनर्जी का विरोध, चुनाव आयोग के फैसले पर जताई आपत्ति
सबसे ज्यादा 72 उम्मीदवार 41 से 55 साल के आयु समूह में हैं. इसके अलावा 56 से 70 साल के 32 और 70 साल से ऊपर के 4 उम्मीदवारों को शामिल किया गया है.