तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल के अनुमान न केवल चौंकाने वाले हैं, बल्कि ये अभिनेता विजय को सिनेमा के बाद अब 'पॉलिटिक्स का भी असली हीरो' साबित कर रहे हैं. एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में उनकी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें तो ला ही रही है. साथ ही लोगों को सीएम के रूप में विजय सबसे ज्यादा पसंद हैं.
मुख्यमंत्री पद की पसंद के मामले में भी अभिनेता विजय ने मौजूदा मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को पीछे छोड़ दिया है. 37% लोग विजय को अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि एम.के. स्टालिन 35% लोगों की पसंद के साथ दूसरे स्थान पर हैं. एआईएडीएमके के ई.के. पलानीस्वामी को 22% लोगों ने पसंद किया है.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 एग्जिट पोल के आंकड़े यहां चेक करें
एग्जिट पोल के मुताबिक TVK को वोट देने वाले 77% लोग राज्य में 'बदलाव चाहते हैं और 9% लोगों ने विशेष रूप से खुद विजय के व्यक्तित्व के कारण उनकी पार्टी को चुना है. विजय की पार्टी तमिझगा वेत्री कड़गम (TVK) राज्य में एक नई और शक्तिशाली राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है. अनुमान लगाया गया है कि TVK 98 से 120 सीटें जीत सकती है और इसका वोट शेयर 35% तक रह सकता है.
विजय की पार्टी को विशेष रूप से युवा मतदाताओं का जबरदस्त समर्थन मिला है, जिसमें 18-19 वर्ष के 68% और 20-29 वर्ष के 59% मतदाताओं ने उन्हें वोट दिया है. साथ ही, 38% महिला मतदाताओं ने भी TVK के पक्ष में मतदान किया है, जो डीएमके और एआईएडीएमके जैसी पारंपरिक पार्टियों के मुकाबले काफी अधिक है. हालांकि ये सिर्फ एग्जिट पोल का अनुमान है चुनाव के असली नतीजे 4 मई को आएंगे.
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Exit Poll 2026: विजय को मिलेगी 'विक्ट्री', स्टालिन के किले में सेंधमारी के संकेत!