scorecardresearch
 

रवि किशन ने क्यों कहा- सबको पकड़-पकड़ कर अपने हाथों से पूड़ी खिलाएंगे, देंगे गिफ्ट

'पंचायत आजतक' के मंच पर गोरखपुर के सांसद और मशहूर अभिनेता रवि किशन ने विपक्ष के 'पीडीए' (PDA) और ब्राह्मण वोट बैंक की लामबंदी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा 2027 में बीजेपी को ऐतिहासिक हैट्रिक लगाने से नहीं रोक पाएगा.

Advertisement
X
पंचायत आजतक में रवि किशन (Photo-ITG)
पंचायत आजतक में रवि किशन (Photo-ITG)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चुनावी सरगर्मियों के बीच 'पंचायत आजतक' के मंच पर गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने अपने चिरपरिचित अंदाज में गोरखपुर की जनता के लिए महाभोज के आयोजन, योगी-मोदी सरकार के कामकाज, विपक्ष के 'पीडीए' (PDA) के नारे और ब्राह्मण मतदाताओं के रुख पर खुलकर बात की. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी जीत का रिकॉर्ड तोड़ते हुए हैट्रिक लगाने जा रही है. 

रवि किशन ने कहा कि वे 17 तारीख को गोरखपुर की पांचों विधानसभाओं के लोगों के लिए एक बड़े भोज का आयोजन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि महाराज जी हमेशा मुझसे पूछते थे कि सांसद जी, जनता को कुछ खिलाया-पिलाया कि नहीं?

बीजेपी सांसद ने कहा कि इसीलिए इस बार हम सबको पकड़-पकड़ कर खुद अपने हाथों से पूड़ी खिलाएंगे और सबकी तरफ से गिफ्ट भी होगा. हमें वोट नहीं, जनता का अपार प्रेम चाहिए. वैसे उत्तर प्रदेश की जनता, यहां की माताओं, बहनों, बेटियों और युवाओं ने पहले ही अपना मन बना लिया है."

2027 में टूटेगा 2017 का सारे रिकॉर्ड- रवि किशन

2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों और 2027 की चुनौतियों पर बात करते हुए रवि किशन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे अपना लुक बदल ले या पैर ऊपर करके पेड़ से लटक जाए, वे यह चुनाव नहीं जीतने वाले हैं. 2024 में विपक्ष ने झूठ फैलाकर जनता को गुमराह किया था, लेकिन इस बार जनता उनकी हकीकत जान चुकी है. 

Advertisement

रवि किशन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता इस बार 2017 का भी रिकॉर्ड तोड़ेगी और सूबे में 100 फीसदी बीजेपी की हैट्रिक होने जा रही है. 2027 में बीजेपी की सीटें 2017 से भी ज्यादा आएंगी.

ब्राह्मण त्रिशूल गाड़कर बीजेपी के साथ खड़ा है-रवि किशन

ब्राह्मण समाज को लेकर विपक्ष की लामबंदी और सोशल इंजीनियरिंग पर रवि किशन ने बेबाकी से जवाब दिया. विपक्ष द्वारा ब्राह्मणों पर कथित अत्याचार के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह चुनावी हथकंडा बताया.

रवि किशन ने कहा, ब्राह्मण समाज बहुत विद्वान और समझदार है. वह राजनीति को गहराई से समझता है. ब्राह्मण कभी किसी लालच में नहीं आने वाला, वह तो खुद देने के लिए पैदा हुआ है. आज ब्राह्मण समाज देख रहा है कि उसका सनातन धर्म, उसके घर की मां-बहनें, उसका जिला और उसका गांव सुरक्षित है.

राज्य में गुंडागर्दी और माफियाराज खत्म हो चुका है. इसलिए ब्राह्मण का वोट कहीं नहीं भटकेगा, वह पूरी मजबूती से त्रिशूल गाड़कर अपने देश और प्रदेश की राष्ट्रभक्त सरकार के साथ खड़ा रहेगा.

अयोध्या के दोषियों को मिले ऐतिहासिक दंड-बीजेपी सांसद

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि एक हिंदू और पुजारी का बेटा होने के नाते मुझे बहुत पीड़ा हुई. इसे एक घृणित पाप बताते हुए कहा कि सनातन समाज इससे आहत जरूर हुआ है, लेकिन उसकी आस्था में कोई कमी नहीं आई है.

Advertisement

उन्होंने तुरंत एक्शन लेने के लिए सरकार की तारीफ की और कहा कि इन पापियों को ऐसा कड़ा और ऐतिहासिक दंड मिलना चाहिए जो आने वाली कई पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बने, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी धार्मिक स्थल चाहे वह मंदिर हो, मस्जिद हो, गुरुद्वारा हो या चर्च में ऐसा घिनौना अपराध करने की सोच भी न सके.

योगी सरकार का लॉ एंड ऑर्डर मॉडल हिट- रवि किशन

योगी सरकार के लॉ एंड ऑर्डर मॉडल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महाराज जी ने पूरे देश में एक बेंचमार्क सेट कर दिया है. जब वे कहते हैं कि 'माफिया को मिट्टी में मिला देंगे', तो उसका असर जमीन पर दिखता है. आज उनके कठोर प्रशासक होने के नाते ही 'बुलडोजर मॉडल' की चर्चा दूसरे राज्यों में भी हो रही है. उन्होंने साफ किया कि अपराध करने वाले का पद या कद मायने नहीं रखता, जिसने जुर्म किया है, उसे सजा भुगतनी ही होगी.

जनता की शिकायतों और विकास कार्यों के सवाल पर सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के मामले में एक ऐतिहासिक 'टेक-ऑफ' किया है. आज सूबे में सिक्स-लेन सड़कें, फ्लाइओवर्स, रिकॉर्ड संख्या में एयरपोर्ट्स और हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं.

Advertisement

युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में 9 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिसमें से 2 लाख से अधिक भर्तियां तो अकेले पुलिस विभाग में हुई हैं वो भी बिना किसी खर्ची और बिना किसी पर्ची (भ्रष्टाचार) के. पहले जहां फिल्मों की शूटिंग के लिए हीरो-हीरोइनें यूपी आने से डरती थीं, आज यहां का माहौल पूरी तरह बदल चुका है.  प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की डबल इंजन सरकार के चलते आज की युवा पीढ़ी और आधी आबादी पूरी तरह से बीजेपी के साथ कनेक्टेड हैं."

रवि किशन ने क्यों कहा कि मेरे काई गॉडफादर नहीं

एक कलाकार और राजनेता के रूप में अपने सफर को याद करते हुए रवि किशन भावुक भी हुए. उन्होंने कहा कि वे बहुत नीचे से उठकर, एक गरीब ब्राह्मण के लड़के के रूप में मिट्टी के घर से यहां तक पहुंचे हैं, उनका कोई गॉडफादर नहीं था, वे एक 'सेल्फ-मेड' इंसान हैं.

उन्होंने गर्व से कहा, "उत्तर प्रदेश के कलाकारों को अक्सर कम करके आंका जाता था, लेकिन मैंने संसद में सबसे ज्यादा सवाल पूछकर 'बेस्ट पार्लियामेंटेरियन' का अवॉर्ड जीता, वहीं अभिनय की दुनिया में मेरी फिल्म 'लापता लेडीज' ऑस्कर तक पहुंची और हाल ही में मेरी नई फिल्म भी ब्लॉकबस्टर रही है,. यह सब महादेव की कृपा और रगड़-रगड़ कर की गई 34 साल की मेहनत का फल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement