राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर जोधपुर यूनिवर्सिटी में एकेडमिक सेशन 2015-16 में होने वाले नए एडमिशन पर रोक लगा दी है. सरकार ने यह रोक यूनिवर्सिटी की ओर से 25 हजार स्टूडेंट्स को फर्जी डिग्री दिए जाने की वजह से लगाई गई है.
इस संबंध में सरकार ने आदेश जारी कर बताया कि एसओजी थाना जयपुर द्वारा जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी में फर्जी डिग्रियां बेचे जाने का मामला सामने आने के बाद डिपार्टमेंट ने एक कमेटी का गठन कर जांच करवाने के आदेश दिए थे. जांच के आधार पर यह आदेश जारी किया गया है.
उल्लेखनीय है कि जोधपुर यूनिवर्सिटी ने 2009 से लेकर अब तक यूनिवर्सिटी कई कोर्सेज में 38 हजार से ज्यादा डिग्रियां और मार्क्सशीट दे चुकी है, लेकिन इनमें से करीब 25 हजार डिग्रियां और मार्क्सशीट्स फर्जी निकली हैं.
चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव सेक्रेटरी (हायर एजुकेशन) पवन कुमार गोयल के मुताबिक, जोधपुर यूनिवर्सिटी ने अपने अधिनियम के प्रावधानों का उल्लघंन किया है और समिति की राय है कि जब तक यूनिवर्सिटी के खिलाफ जांच प्रक्रिया चल रही है तब तक नए स्टूडेंट्स के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए.