नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG) 2026 के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे 'धांधली' के नरेटिव पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने करारा प्रहार किया है. OMR उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए NTA ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही तस्वीरें मनगढ़ंत, जाली और डिजिटली ऑल्टर्ड हैं.
सोशल मीडिया (X) पर जारी एक के बाद एक ट्वीट्स और 20 जुलाई 2026 के सार्वजनिक नोटिस के जरिए NTA ने 4 अभ्यर्थियों के वायरल केस की पूरी 'क्राइम कुंडली' उजागर कर दी है और स्पष्ट किया है कि आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार उनका घोषित स्कोर ही अंतिम और सत्य है.
OMR विवाद के 4 मुख्य केस: जानिए NTA का पर्दाफाश
आर्या सिंह (Application No. 260410434102)
दावा vs हकीकत: वायरल फोटो में इनविजिलेटर (केमनिरीक्षक) का साइन टाइम 2:45 PM दिखाया गया था, जबकि NTA के पास मौजूद और ईमेल पर भेजी गई असली OMR शीट पर यह समय 3:45 PM दर्ज है. फोटोशॉप और डिजिटल एडिटिंग का इस्तेमाल कर इस शीट से छेड़छाड़ की गई.
अंतिम स्कोर: NTA द्वारा सत्यापित स्कोर 167 अंक ही रहेगा.
लक्ष्य सिंह (Application No. 260412053016)
दावा vs हकीकत: सोशल मीडिया पर शेयर OMR में कुछ ऐसे बबल्स (उत्तर) भरे हुए दिख रहे थे जो मूल OMR में खाली थे. NTA रिकॉर्ड्स के मुताबिक छात्र ने 180 में से कुल 54 सवाल ही अटेंड किए थे (34 सही, 20 गलत और 126 अन-अटेंप्टेड). वायरल इमेज में डिजिटली बबल्स डार्क किए गए हैं.
अंतिम स्कोर: NTA द्वारा सत्यापित स्कोर 116 अंक ही रहेगा.
अभय यादव (Application No. 260411367191)
दावा vs हकीकत: दावा किया जा रहा था कि छात्र ने सिर्फ 5 सवाल छोड़े हैं और उसके 634 नंबर आने चाहिए थे. NTA ने ऑफिशियल डेटा जारी कर पोल खोली कि छात्र ने 5 नहीं बल्कि 44 सवाल अन-अटेंप्टेड (छोड़े) थे. OMR और स्कोर कैलकुलेशन में कोई अंतर नहीं है.
अंतिम स्कोर: NTA द्वारा सत्यापित स्कोर 164 अंक ही रहेगा.
प्रतिभा त्रिवेदी (Application No. 260412140662)
दावा vs हकीकत: वायरल इमेज पूरी तरह से भारी डिजिटल छेड़छाड़ का शिकार पाई गई.
अंतिम स्कोर: NTA द्वारा सत्यापित स्कोर 38 अंक ही रहेगा.
फर्जी खबरें फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा: जेल और भारी जुर्माना!
NTA ने चारों मामलों को संज्ञान में लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि जाली OMR बनाना, उसमें डिजिटल एडिटिंग करना या झूठी खबरों को सोशल मीडिया पर वायरल करना सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है.
NTA की छात्रों और अभिभावकों से अपील
NEET UG 2026 के घोषित सभी नतीजे पूरी तरह सुरक्षित और ईमेल पर भेजी गई मूल OMR शीट पर आधारित हैं. एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी असत्यापित सोशल मीडिया पोस्ट, एडिटेड इमेजेस और सनसनी फैलाने वाले दावों के झांसे में न आएं और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट (neet.nta.nic.in) के अपडेट्स पर ही भरोसा करें.