नीट यूजी 2026 की परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के मामले ने तूल पकड़ लिया है. सामने आया है कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है और सीबीआई में इस मामले में केस दर्ज करके जांच करने जा रही है. अभी तक इसकी जांच राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) कर रही थी. पुलिस ने अब तक इस मामले में 45 लोगों को हिरासत में लिया है.
केरल के छात्र का कनेक्शन!
सामने आया है कि सारा विवाद एक गेस पेपर से शुरू हुआ, जिसके 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल असली परीक्षा से हूबहू मेल खा रहे थे. इस मामले में केरल के एक MBBS छात्र का कनेक्शन भी सामने आ रहा है, जिसने गेस पेपर को अपने पापा को मैसेज में भेजा था.
बेटे ने पीजी चलाने वाले पिता को लीक किया था पेपर!
सामने आया है कि आरोपी के पिता पीजी संचालक हैं, और उन्होंने ही ये पेपर अपने हॉस्टल में रह रही लड़कियों को शेयर किया था. दावा है कि परीक्षा से पहले छात्रों के बीच जो गेस पेपर पहुंचा था, उसीसे ये परीक्षा लीक हुई है. सूत्रों के मुताबिक, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से मिले इनपुट के आधार पर SOG ने देहरादून, सीकर और झुंझुनूं में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था.
कैसे सामने आया मामला?
हिरासत में लिए गए लोगों में सीकर के एक नामी कोचिंग संस्थान से जुड़े करियर काउंसलर भी शामिल बताए जा रहे हैं. जांच एजेंसियों को आशंका है कि परीक्षा से दो दिन पहले ही कथित गेस पेपर चुनिंदा छात्रों तक पहुंचा दिया गया था. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि प्रश्नपत्र के बड़ी संख्या में सवाल कथित पेपर से मेल खाते हैं.
अब इस मामले में जांच बढ़ी है तो केरल से एमबीबीएस कर रहे एक छात्र का कनेक्शन भी सामने आ रहा है. इस पूरे मामले को कड़ी दर कड़ी समझते हैं.
केरल में एमबीबीएस कर रहे छात्र ने सीकर में पिता को मोबाइल पर 2 मई को गेस पेपर भेजा था.
मैसेज में लिखा था- अपने हॉस्टल की लड़कियों को दे दीजिएगा, यही पेपर कल आएगा.
पीजी हॉस्टल संचालक ने सुबह 3 मई को गेस पेपर लड़कियों को दे दिया.
पीजी हॉस्टल संचालक ने एक कोचिंग वाले को गेस पेपर दिखाकर पूछा कितने सवाल हूबहू हैं?
नीट पेपर के बॉयोलॉजी के सभी 90 सवाल 200 प्रश्न के गेस पेपर में थे.
पेपर के केमेस्ट्री के सभी 45 सवाल 81 प्रश्न के गेस पेपर से थे, ये सभी सवाल गेस पेपर में बिना कॉमा, फुल स्टाप के वही थे.
600 नंबर के 150 सवाल हूबहू थे पेपर में शामिल!
राजस्थान SOG की जांच में सामने आया है कि गेस पेपर में करीब 410 प्रश्न थे. दावा किया जा रहा है कि इनमें से करीब 150 सवाल जो कुल 600 मार्क्स के थे हूबहू NEET UG 2026 केस पेपर में पूछे गए थे. NEET UG परीक्षा कुल 720 अंकों की होती है और हर सवाल 4 अंक का होता है, ऐसे में इतने बड़े लेवल पर सवालों का मिलना बेहद गंभीर माना जा रहा है. जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ का लिंक इसी युवक से जुड़ रहा है, जो केरल के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है.
कुल मिलाकर बात ये है कि, एनटीए की कार्यप्रणाली में सेंध लगी है. प्रिंटिग प्रेस के प्राथमिक स्तर पर और पेपर सेट करने में कहीं न कहीं चूक हुई है. इसे NTA की बड़ी लापरवाही बताया जा रहा है. इस मामले में एक्शन लिया गया है, लेकिन पेपर छपने के प्रोटोकॉल में कहीं न कहीं बड़ा लूप होल है, क्योंकि पेपर छपने से लेकर पेपर के सेंटर तक पहुंचने के बीच में ही कहीं लीक हुआ है.