scorecardresearch
 

सावधान! कक्षा 9वीं की ये बुक है फर्जी, फर्जी किताबों को लेकर NCERT ने जारी की चेतावनी

NCERT ने कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की एक फर्जी किताब सोशल मीडिया पर प्रसारित होने को लेकर चेतावनी जारी की है. परिषद ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से केवल आधिकारिक स्रोतों से ही पुस्तकें प्राप्त करने की अपील की है और कहा है कि पायरेटेड सामग्री का प्रसार कानूनन अपराध है.

Advertisement
X
NCERT ने स्पष्ट किया कि ऐसे चैनलों को परिषद की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है. (Image for representation)
NCERT ने स्पष्ट किया कि ऐसे चैनलों को परिषद की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है. (Image for representation)

NCERT ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को फर्जी और अनधिकृत किताबों को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है. NCERT ने कहा है कि उसकी कुछ किताबों की पायरेटेड और अनधिकृत कॉपियां प्रिंट और डिजिटल दोनों रूपों में प्रसारित की जा रही हैं. इनमें कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की एक फर्जी पुस्तक भी शामिल है, जिसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है.

NCERT ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि उसके संज्ञान में आया है कि कुछ लोग परिषद की पुस्तकों की अवैध प्रतियां प्रसारित कर रहे हैं. कुछ मामलों में तो किताबों को उनकी आधिकारिक रिलीज से पहले ही प्रसारित किया जा रहा है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है.

काउंसिल के अनुसार, कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की किताब 'Understanding Society: India & Beyond' (Part-1) की एक फर्जी और अनधिकृत कॉपी सोशल मीडिया चैनलों, वेबसाइटों और मैसेजिंग समूहों में प्रसारित की जा रही है. ये प्लेटफॉर्म खुद को NCERT की पुस्तकों और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने वाला बता रहे हैं, जबकि उनका NCERT से कोई संबंध नहीं है.

NCERT ने स्पष्ट किया कि ऐसे चैनलों को परिषद की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है. इसलिए इन माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही सामग्री पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए.

Advertisement

परिषद ने कहा कि उसकी सभी पाठ्यपुस्तकें केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्रकाशित, मुद्रित और जारी की जाती हैं. किसी भी पुस्तक को उसकी आधिकारिक रिलीज से पहले किसी भी रूप में प्रसारित करने की अनुमति नहीं होती.

NCERT ने चेतावनी दी कि अनधिकृत स्रोतों से उपलब्ध सामग्री गलत, अधूरी, छेड़छाड़ की गई या पूरी तरह से मनगढ़ंत हो सकती है. ऐसी सामग्री का उपयोग छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों या आम जनता के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.

काउंसिल ने सभी हितधारकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत स्रोतों से ही किताबें खरीदें या डाउनलोड करें. NCERT की डिजिटल किताबें उसकी आधिकारिक वेबसाइट और ई-पाठशाला (ePathshala) पोर्टल पर निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं. वहीं प्रिंट संस्करण केवल अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से ही खरीदे जाने चाहिए.

NCERT ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनधिकृत सोशल मीडिया चैनल, वेबसाइट लिंक या मोबाइल एप्लिकेशन को फॉलो न करें, जो NCERT की किताबें या रिलीज से पहले अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का दावा करते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement