scorecardresearch
 

'जॉनी-जॉनी यस पापा' जैसी कविताएं झूठ बोलना सिखाती हैं, बोले यूपी के शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अंग्रेजी बाल कविताओं पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति की ये कविताएं बच्चों को संस्कार नहीं बल्कि झूठ बोलना सिखाती हैं. शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह में उन्होंने शिक्षकों से 'गुरु' बनकर बच्चों को नैतिक मूल्य सिखाने की अपील की.

Advertisement
X
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय  (Photo- Screengrab)
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 6 मई को कानपुर के मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि समारोह के दौरान शिक्षा और संस्कारों पर अपनी बात रखी. उन्होंने 'जॉनी जॉनी यस पापा' जैसी प्रसिद्ध अंग्रेजी राइम्स की आलोचना करते हुए कहा कि ये बच्चों को झूठ बोलने के लिए प्रेरित करती हैं. मंत्री ने हिंदी कविताओं का उदाहरण देते हुए शिक्षकों से पाठ्यक्रम के साथ-साथ संस्कार देने वाली व्यवस्था बनाने का आह्वान किया. इस मौके पर उन्होंने 12 शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि के डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया.

पाश्चात्य कविताओं से बिगड़ रहे संस्कार

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जब शिक्षक गुरु की भूमिका में आता है, तभी वह शिक्षा के साथ संस्कार दे पाता है. उन्होंने तर्क दिया कि 'ईटिंग शुगर, नो पापा' जैसी पंक्तियां बचपन से ही बच्चों के मन में झूठ बोलने का बीज बोती हैं. 

उनके अनुसार, पाश्चात्य संस्कृति वाली ये अंग्रेजी कविताएं वह संस्कार नहीं देतीं जिनकी आज की पीढ़ी को जरूरत है. उन्होंने उन हिंदी कविताओं को याद किया जिन्हें पढ़कर पुरानी पीढ़ियां बड़ी हुईं और जिनमें जीवन के गहरे मूल्य समाहित थे.

शिक्षक से 'गुरु' बनने का दिया मंत्र

मर्चेंट चैंबर हॉल में शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए. गुरु वह है जो छोटी-छोटी बातों से बच्चों को जीवन का सही रास्ता दिखाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस दिन शिक्षक पढ़ाई के अतिरिक्त संस्कार की बातें करने लगेंगे, वे गुरु बन जाएंगे. तभी आने वाली नस्लों का सही निर्माण संभव हो सकेगा. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया गया.

Advertisement

शिक्षामित्रों के मानदेय में भारी बढ़ोतरी

शिक्षा मंत्री ने शिक्षामित्रों को शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया. उन्होंने घोषणा की कि सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया है. इस वृद्धि से विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षामित्रों के जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement