जब हौसला बुलंद हो और सफलता पाने का जूनून हो तो आपकी मेहनत कभी जाया नहीं जाती. दिल्ली के DPS की छात्रा और बीजेपी विधायक कैशाल गहलोत की बेटी देविना ने CUET UG 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉपर बन गई हैं. देविना के पांच में से तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल आए हैं. 12वीं में 99.2 प्रतिशत हासिल करने वाली देविना अब सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही हैं. उनकी सफलता मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण कई छात्रों के लिए प्रेरणादायक है.
NTA ने जारी की टॉपर लिस्ट
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी किया था. NTA के मुताबिक, बीजेपी विधायक की बेटी देविना गहलोत ने इस परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया और सीयूईटी की ऑल इंडिया टॉपर बन गई हैं.
इस विषयो में हासिल किए 100 पर्सेंटाइल
वैसे तो देविना ने सभी विषयों में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन कुल पांच विषयों में से तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल की है. CUET UG 2026 में देविना ने कुल 1250 अंकों में से 1232.19 अंक प्राप्त किए.
सफलता पर क्या बोलीं देविना?
उन्होंने तैयारी की पूरी यात्रा के दौरान उनका साथ देने के लिए अपने माता-पिता, बहन, स्कूल और शिक्षकों को श्रेय दिया. अपनी तैयारी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह हर दिन लंबे समय तक पढ़ाई करने में विश्वास नहीं करती थीं. इसके बजाय उन्होंने अनुशासन बनाए रखने, नियमित ब्रेक लेने और लगातार रिवीजन करने पर ध्यान दिया.
गहलोत के अनुसार, सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी ने सीयूईटी के लिए एक मजबूत आधार बनाने में भी मदद की. वह मुख्य रूप से NCERT की पाठ्यपुस्तकों पर निर्भर रही और उसने बड़ी संख्या में पिछले प्रश्न पत्रों को हल किया.
लेना चाहती हैं सेंट स्टीफंस कॉलेज में एडमिशन
बता दें कि देविना ने 12वीं में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किया. अब उनका लक्ष्य दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा हासिल करना है. देविना गहलोत की सफलता यह साबित करती है कि सही रणनीति, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी छात्र बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है.