scorecardresearch
 

रेलवे में सिलेक्शन के लिए केवल पढ़ाई नहीं काफी... ये स्किल्स भी हैं जरूरी

भारतीय रेल में चयन होने का सपना कई उम्मीदवारों का होता है. कभी कोई 12वीं के बाद रेलवे की तैयारी शुरू करता है, तो कोई ग्रेजुएशन में. लेकिन रेलवे में सिलेक्शन केवल किताबें पढ़ने से पूरी नहीं होती है. इसके लिए आपके पास कई स्किल भी होनी चाहिए. 

Advertisement
X
केवल किताबें नहीं इन स्किल्स का होना भी है जरूरी.
केवल किताबें नहीं इन स्किल्स का होना भी है जरूरी.

रेलवे में नौकरी पाने का सपना देखने वाले युवाओं की तैयारी अक्सर परीक्षा और सिलेबस तक सीमित रह जाती है. लेकिन रेलवे में चयन के लिए सिर्फ किताबी नॉलेज काफी नहीं होता. सही समय पर फैसला लेने, तेजी और सटीकता से काम करने से लेकर तकनीकी समझ और अनुशासन तक, कई स्किल उम्मीदवारों के लिए जरूरी होती है. तो अगर आप भी रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, जानिए किन स्किल्स पर ध्यान देना चाहिए.

रेलवे भर्ती बोर्ड यानी RRB अलग-अलग पदों के लिए अलग भर्ती प्रक्रिया आयोजित करता है. इनमें NTPC, Assistant Loco Pilot, Technician, Junior Engineer और Level-1 जैसे पद शामिल हैं. इसलिए हर पद के लिए योग्यता, परीक्षा और जरूरी स्किल अलग हो सकते हैं. 

करनी होगी बेसिक पढ़ाई

बता दें कि इस क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों को पहले अपनी बेसिक पढ़ाई पूरी करनी होगी. रेलवे की ज्यादातर भर्ती परीक्षाओं में उम्मीदवारों को अपने पद के अनुसार संबंधित विषयों की तैयारी करनी होती है.इसलिए सबसे पहले मैथ, रीजनिंग और सामान्य जागरूकता जैसे विषयों की बुनियाद मजबूत करना जरूरी है. सिर्फ ज्यादा घंटे पढ़ने के बजाय नियमित पढ़ाई और लगातार प्रैक्टिस पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है. इतना ही नहीं पिछले सालों के प्रश्नपत्र हल करने से परीक्षा के पैटर्न और सवालों के स्तर को समझने में मदद मिल सकती है.

Advertisement

समय मैनेजमेंट भी है जरूरी

रेलवे की कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में सीमित समय में बड़ी संख्या में सवाल हल करने होते हैं. ऐसे में उम्मीदवार को स्पीड और एक्यूरेसी दोनों का खास ख्याल रखना होता है. इसके लिए रोजाना टाइम लगाकर मॉक टेस्ट और प्रैक्टिस सेट हल किए जा सकते हैं. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किस तरह सवालों को कम समय में हल किया जाए और गलतियों को कैसे कम किया जाए.

कंप्यूटर की बेसिक नॉलेज आएगी काम

इसके अलावा रेलवे की कई भर्तियों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा होती है. इसलिए उम्मीदवार के लिए कंप्यूटर पर परीक्षा देने की आदत या थोड़ी नॉलेज उनके लिए फायदेमंद हो सकती है. कुछ पदों पर अलग से स्किल टेस्ट भी होता है. उदाहरण के लिए RRB NTPC की 2025 की अंडरग्रेजुएट भर्ती में Junior Clerk cum Typist और Accounts Clerk cum Typist पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट रखा गया था. इसमें अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग की क्षमता तय की गई है. 

तकनीकी पदों के लिए अलग स्किल्स

अगर उम्मीदवार Assistant Loco Pilot, Technician या Junior Engineer जैसे तकनीकी पदों को लक्ष्य बना रहा है, तो संबंधित तकनीकी विषयों की जानकारी जरूरी होती है. इन पदों के लिए सिर्फ सामान्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पर्याप्त नहीं होती. संबंधित ट्रेड, इंजीनियरिंग या तकनीकी योग्यता और भर्ती नोटिफिकेशन में दिए गए विषयों पर भी अच्छी पकड़ बनानी होती है.

Advertisement

रेलवे की नौकरी में अनुशासन और जिम्मेदारी भी जरूरी

रेलवे में कई तरह के काम होते हैं और कुछ पद सीधे ट्रेन संचालन, यात्रियों, तकनीकी सिस्टम या सुरक्षा से जुड़े होते हैं. इसलिए उम्मीदवार में जिम्मेदारी से काम करने, नियमों का पालन करने और दबाव में शांत रहकर काम करने की क्षमता होना जरूरी है. हालांकि, इन गुणों को किसी एक परीक्षा में अलग से स्कोर नहीं किया जाता. ये नौकरी के कामकाज में महत्वपूर्ण व्यवहारिक स्किल है. 

मेडिकल फिटनेस को भी न करें नजरअंदाज

रेलवे की भर्ती प्रक्रिया में कई पदों के लिए मेडिकल परीक्षा भी होती है. पद के अनुसार मेडिकल स्टैंडर्ड अलग हो सकते हैं. उदाहरण के लिए NTPC की अलग-अलग पोस्ट के लिए अलग मेडिकल स्टैंडर्ड निर्धारित किए जाते हैं और चयन प्रक्रिया में मेडिकल टेस्ट शामिल होता है. इसलिए उम्मीदवार को जिस पद के लिए आवेदन करना है, उसके नोटिफिकेशन में दिए गए मेडिकल स्टैंडर्ड को पहले ही देख लेना चाहिए.

चयन प्रक्रिया पद के हिसाब से बदलती है

रेलवे में हर नौकरी के लिए एक जैसा चयन नहीं होता. उदाहरण के लिए NTPC की अंडरग्रेजुएट भर्ती में CBT के बाद कुछ पदों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट, फिर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा होती है. वहीं दूसरे पदों की प्रक्रिया अलग हो सकती है. इसलिए तैयारी शुरू करने से पहले उम्मीदवार को यह तय करना चाहिए कि वह किस पद के लिए तैयारी कर रहा है. इसके बाद उसी पद की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना देखकर योग्यता, परीक्षा पैटर्न, स्किल टेस्ट और मेडिकल नियम समझना ज्यादा सही तरीका है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement