कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के हॉस्पिटलों में डॉक्टरों के 567 पद और विशेषज्ञों के 382 पद खाली हैं. यह जानकारी श्रम राज्य मंत्री ने दी है.
श्रम राज्य मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने लोकसभा को एक प्रश्न के जवाब में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अस्पतालों में स्वीकृत 1,908 पदों में से 1,341 पद भरे हुए हैं और बाकि 567 पद खाली हैं.
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ईएसआई अस्पतालों में विशेषज्ञों के स्वीकृत पद 829 हैं लेकिन केवल 447 विशेषज्ञ ही काम कर रहे हैं और विशेषज्ञों के 382 हैं.
मंत्री ने बताया कि ईएसआईसी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी का कारण देश में ही डॉक्टरों की कमी होना है. उन्होंने कहा कि कुछ डॉक्टर और विशेषज्ञ इसलिए ईएसआईसी अस्पतालों में नौकरी के लिए आवेदन नहीं करते क्योंकि निगम में निजी प्रैक्टिस की अनुमति नहीं है. इसके अलावा पढ़ाई के लिए या बेहतर अवसर मिलने पर भी डॉक्टर नौकरी छोड़ देते हैं.
दत्तात्रेय ने यह भी बताया कि सरकार फिलहाल में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की भर्ती संबंधी नियमों की समीक्षा पर विचार नहीं कर रही है.
इनपुट: भाषा