Shani Gochar: ज्योतिष में शनिदेव को कर्मों के अनुसार फल देने वाला ग्रह माना जाता है. उनकी स्थिति में बदलाव का असर सभी राशियों पर पड़ता है. द्रिक पंचांग के अनुसार, 3 जून 2027 को शनि मेष राशि में गोचर करेंगे. ज्योतिष में मेष को शनि की नीच राशि माना गया है. इस राशि में शनि का प्रभाव कुछ राशियों के लिए चुनौतियां बढ़ा सकता है. इस दौरान कामकाज में बाधाएं आ सकती हैं. जरूरी काम पूरे होने में देरी हो सकती है. मानसिक तनाव के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है. खासतौर पर तीन राशियों के लोगों को इस समय थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत होगी. आइए जानते हैं कि ये कौन सी राशियां हैं.
मेष राशि (Aries)
शनि का गोचर आपकी ही राशि में होने जा रहा है. इस दौरान आप पर शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव भी रहेगा. ऐसे में मन थोड़ा अशांत रह सकता है. छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ सकता है. फैसले लेने में परेशानी हो सकती है. कोई काम पूरा होते-होते अटक सकता है. सेहत को नजरअंदाज न करें. नौकरी में अधिकारियों के साथ बहस करने से बचें. पैसों से जुड़े बड़े फैसले भी जल्दबाजी में न लें.
वृषभ राशि (Taurus)
वृषभ राशि के जातकों के लिए शनि बारहवें भाव में गोचर करेंगे. इसी के साथ आपकी राशि पर साढ़ेसाती का पहला चरण शुरू होगा. इस दौरान खर्च बढ़ने से आर्थिक बजट बिगड़ सकता है. अचानक कोई ऐसा खर्च सामने आ सकता है, जिसकी आपने योजना नहीं बनाई होगी. भविष्य को लेकर चिंता भी परेशान कर सकती है. इसलिए पैसों के लेन-देन में सावधानी रखें. किसी को बड़ी रकम उधार देने से बचें. कानूनी मामलों और विवादों में भी सोच-समझकर कदम उठाएं.
कन्या राशि (Virgo)
कन्या राशि के जातकों के लिए शनि का गोचर आठवें भाव में होगा. ज्योतिष में इस स्थिति को शनि की ढैय्या से जोड़कर देखा जाता है. इस दौरान नौकरी और कारोबार में कुछ रुकावटें आ सकती हैं. काम पूरा करने में पहले से ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है. सहकर्मियों या बिजनेस पार्टनर के साथ किसी बात पर मतभेद होने की आशंका है. वाहन चलाते समय सावधानी बरतें. अपनी सेहत का ध्यान रखें. निवेश से जुड़े फैसले भी अच्छी तरह सोच-विचार करने के बाद ही लें. अपनी जरूरी योजनाओं को हर किसी के साथ साझा करने से बचें.