दिग्गज कंपनी Microsoft ने अपने हजारों कर्मचारी को नौकरी छोड़ने या वॉलंटरी एग्जिट का ऑफर दिया है. करीब 60 हजार कर्मचारी इस दायरे में आते हैं, जिन्हें नौकरी छोड़ने के लिए अच्छे पैसे दिए जा रहे हैं. इस लिस्ट में हैदराबाद के एक 23 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर का नाम शामिल है. अब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर इससे जुड़ा पोस्ट शेयर किया है.
उन्होंने अपनी पोस्ट में यूजर्स से पूछा है कि कंपनी की ओर से उन्हें नौकरी छोड़ने के बदले करीब 11 लाख रुपये देने का प्रस्ताव मिला है. अब वह इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि पैसे लेकर नौकरी छोड़ दें या कंपनी में बने रहें. उन्होंने रेडिट पर अपनी परेशानी साझा की, जिसके बाद इंटरनेट पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
नौकरी छोड़ने पर मिल रहे 11 लाख!
इंजीनियर ने सोशल मीडिया रेडिट पर r/hyderabad कम्युनिटी पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि माइक्रोसॉफ्ट की वॉलंटरी एग्जिट ऑफर स्कीम शुरू हो चुकी है. इसके तहत खुद से ही रिजाइन करने पर तीन महीने की पूरी सैलरी दी जा रही है.यानी कंपनी की ओर से उन्हें 11 लाख रुपये दिए जाएंगे. हालांकि, वह इस बात का फैसला नहीं लिया जा रहा है और लोगों से राय मांगी है. उन्होंने लोगों से पूछा- क्या मुझे ये ऑफर ले लेना चाहिए?

सोशल मीडिया पर लोगों की राय
ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इसके बाद लोगों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है. लोग उसके इस पोस्ट पर कमेंट भी कर रहे हैं. कई यूजर्स ने यहां तक कहा कि इतनी बड़ी कंपनी में नौकरी करने का लोग सपना देखते हैं और आखिर में अचानक उन्हें ये सुनने को मिलता है. कुछ लोगों ने इंजीनियर को सलाह दी कि वो फिलहाल ये ऑफर ठुकरा दें, क्योंकि इस दौर में नौकरी मिलना भी काफी मुश्किल है. वहीं, कुछ यूजर्स ने उन्हें सलाह दी है कि वह ऑफर लेकर नई नौकरी की तलाश शुरू कर सकते हैं.