बिहार के जहानाबाद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 5 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ कुकृत्य किया गया. पुलिस ने इस मामले में हॉस्टल के कैंटीन गार्ड को गिरफ्तार किया है, जिसने बच्चे के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी थी. घटना सोमवार 6 अप्रैल को करौना थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल हॉस्टल में हुई. गंभीर रूप से घायल बच्चे को उसके परिजन पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अपराजित लोहान ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया. शुरुआत में हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया था. गहन जांच के दौरान पुलिस का शक कैंटीन गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा पर गया. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के साथ कुकर्म (दुष्कर्म) की पुष्टि हुई है. हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं.
आरोपी ने बताया खौफनाक मकसद
पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह मानसिक तनाव में था. उसने यह भी दावा किया कि हॉस्टल संचालक के साथ उसके संबंध खराब थे. आरोपी के मुताबिक, वह हॉस्टल को बदनाम कर उसे बंद करवाना चाहता था और इसी वजह से उसने इस मासूम को अपनी साजिश का शिकार बनाया.
एसपी अपराजित लोहान ने कहा कि पुलिस इस मामले में 'स्पीडी ट्रायल' (त्वरित सुनवाई) की मांग करेगी ताकि अपराधी को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके. इस घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है. भाकपा-माले (CPI-ML) ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है. पार्टी की फैक्ट-फाइंडिंग टीम ने आरोप लगाया कि बच्चे के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं और उनके पहुंचने से पहले ही स्कूल में ताला लगाकर छात्रों को घर भेज दिया गया था, जो संदेह पैदा करता है.