यूपी के मेरठ में तालिब की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. बीती 28 सितंबर को अचानक तालिब की मौत हो गई थी. उसकी पत्नी इल्मा ने परिवार को बताया था कि तालिब की मौत कुदरती तौर पर हुई है और परिवार ने अगले दिन यानी 29 सितंबर को मुजफ्फरनगर में उसे दफना दिया था. लेकिन बाद में सामने आई कुछ तस्वीरों ने मौत की पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए.
दरअसल, 30 साल के राजमिस्त्री मोहम्मद तालिब के रिश्तेदारों ने उसे दफनाने से पहले फोन से उसके शव की कुछ तस्वीरें खींची थीं. बाद में परिवार ने जब इन तस्वीरों को दोबारा देखा तो तालिब की गर्दन पर संदिग्ध निशान नजर आए. परिवार को शक हुआ कि ये निशान गला घोंटने के हो सकते हैं. इसी दौरान तालिब के परिवार ने उसकी पत्नी इल्मा के व्यवहार पर भी शक जताया और उसके कथित दोस्त अमन के साथ संबंधों को लेकर सवाल उठाए. बात पुलिस तक पहुंची.
पुलिस के मुताबिक, तालिब मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में अपनी पत्नी इल्मा (27) और तीन साल की बेटी के साथ रहता था. वह राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि इल्मा पास के एक ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी. दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी. पुलिस की पूछताछ में इल्मा ने आरोप लगाया कि तालिब उसके साथ मारपीट करता था.
तालिब की मौत के बाद परिवार के शक की एक वजह इल्मा का घर से सामान समेटना भी बताया गया है. परिवार का आरोप है कि तालिब के दफन होने से पहले ही इल्मा घर से कीमती सामान निकाल रही थी. इसके अलावा स्थानीय लोगों ने परिवार को बताया कि इल्मा और अमन को कई मौकों पर साथ देखा गया था. अमन मेरठ में मीट की दुकान चलाता है और परिवार ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच कथित तौर पर नजदीकी थी.
इसके बाद तालिब के परिवार ने उसका मोबाइल फोन मांगा तो इल्मा ने फोन के गुम होने की बात कही. परिवार ने बाद में तलाश की तो मोबाइल कपड़ों के बीच छिपा हुआ मिला. फोन में मौजूद चैट, कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग की जांच से परिवार का शक और गहरा गया. इसी दौरान शव की तस्वीरों में गर्दन पर दिख रहे निशानों को देखकर परिवार ने आशंका जताई कि तालिब का कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटा गया था.
मामले में तालिब के चचेरे भाई मोहम्मद अकरम और अन्य परिजनों ने पुलिस से शिकायत की. उनकी शिकायत के आधार पर पत्नी इल्मा और अमन के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए जिलाधिकारी की अनुमति भी मिल चुकी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच में अहम माना जा रहा है.
पूछताछ के दौरान इल्मा ने कथित तौर पर तालिब की मौत को लेकर एक अलग कहानी बताई. उसके मुताबिक, वह उस समय घर से बाहर थी और उसकी बेटी ने उसे बताया कि उसके पिता का किसी ने उसके दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी है. इल्मा का दावा है कि जब वह घर पहुंची तो तालिब की मौत हो चुकी थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि अमन ने उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी और इसी वजह से उसने कथित हत्यारे का नाम नहीं बताया.
मेरठ पुलिस के मुताबिक, तालिब के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस फिलहाल इल्मा पर नजर रख रही है और मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों की गिरफ्तारी भी जांच में मिले सबूतों के आधार पर की जाएगी.