उत्तर प्रदेश में बेखौफ अपराधी हर दिन सरकारी दावों की हवा निकाल रहे हैं. कानपुर में जीएसटी अधिकारियों की कस्टडी से ट्रक लूट की वारदात के बाद अब बरेली में शातिर अपराधियों ने पुलिस चौकी को ही अपना निशाना बना लिया. दिन दहाड़े बरेली शहर की एक पुलिस चौकी में चोरी हो गई. बदमाशों ने एक महिला सिपाही के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
घटना बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है. जहां कुहाड़ापीर पुलिस चौकी में चोर ताला तोड़ते रहे और प्रेमनगर थाना पुलिस सोती रही. एसपी देहात के आफिस में तैनात महिला कांस्टेबल प्रीति राठौर का आवास पलिस चौकी में हैं. वहीं से चोरों ने दिनदहाड़े जेवर और नकदी चोरी कर ली. पुलिस को कानों कान खबर भी नहीं हुई.
दरअसल, प्रीति राठौर प्रेमनगर थाने के कुहाड़ापीर चौकी में बने सरकारी आवास में रहती हैं. रक्षाबंधन वाले दिन 22 अगस्त को वह एसपी ऑफिस गई थीं. वहीं से वो अपने भाई को राखी बांधने सुभाषनगर चली गईं. जब वह शाम को पांच बजे अपने चौकी स्थितआवास लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला. उन्होंने अंदर जाकर देखा तो समान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी. उसमें रखा कीमती सामान और नकदी गायब थी.
इसे भी पढ़ें--
कांस्टेबल प्रीति ने इस मामले को लेकर प्रेम नगर थाने में एफआईआर लिखाई है. रिपोर्ट के अनुसार चोर अलमारी से दो सोने की चेन, सोने का कड़ा, चांदी की पायल और आठ हजार की नकदी चोरी कर ले गए. चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत यूपी112 को भी सूचना दी थी. प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि पुलिस कई एंगल से इस केस की जांच कर रही है.