बेंगलुरु के एचएएल क्षेत्र स्थित कैपजेमिनी परिसर के अंदर संचालित एक डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वायरल हुए वीडियो के आधार पर एचएएल पुलिस स्टेशन में पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
आरोप है कि दो से तीन साल के मासूम बच्चों को डराने और चुप कराने के लिए केयरगिवर्स उन्हें फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर बैठाती थीं. इतना ही नहीं, बच्चों को जबरन वेस्टर्न स्टाइल टॉयलेट पर बैठाया जाता था और टॉयलेट के जेट स्प्रे से उनके मुंह में पानी डाला जाता था. आरोप यह भी है कि रोने या शोर करने पर बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया जाता था.
बताया गया है कि इन बच्चों के माता-पिता नौकरी के दौरान उन्हें इसी डे-केयर सेंटर में छोड़कर जाते थे. वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है.
पुलिस में शिकायत दर्ज होने के साथ-साथ इस मामले की शिकायत कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भी की गई है. पुलिस ने सभी पांच आरोपित केयरगिवर्स को नोटिस जारी कर दिया है और वायरल वीडियो की जांच के साथ पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.