दिल्ली में हनी ट्रैप का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट को जाल में फंसाकर पहले किडनैप किया गया और फिर उसके साथ लूट और मारपीट की वारदात अंजाम दी गई. इस सनसनीखेज मामले में साउथ दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हैरानी की बात ये है कि पकड़े गए आरोपियों में एक सेना का जवान भी शामिल है.
यह घटना 3 मई को उस वक्त सामने आई, जब पुलिस कंट्रोल रूम को अनुपम गार्डन, सैनिक फार्म से एक शख्स के अपहरण की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित मनमोहन गुप्ता नाम के 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जो घटना के समय घर में अकेले थे.
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 2 मई की शाम करीब 7:45 बजे उन्हें लगा कि उनकी परिचित महिला कल्पना उनसे मिलने आई है. लेकिन जैसे ही दरवाजा खुला, कल्पना के साथ आए अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर उन्हें काबू में कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और घर में रखी नकदी और कीमती सामान लूट लिया.
आरोपियों ने अलमारी से करीब 5 लाख रुपये नकद, दराज से 8 से 10 हजार रुपये और पर्स में रखे 3 से 4 हजार रुपये लूट लिए. इसके अलावा तीन सोने की अंगूठियां, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड भी अपने साथ ले गए. वारदात के दौरान पीड़ित को लगातार धमकाया जाता रहा.
इसके बाद आरोपी पीड़ित को उनकी ही टोयोटा कैमरी कार में जबरन बैठाकर मेरठ की तरफ ले गए. करीब डेढ़ घंटे तक कार में घुमाने के दौरान आरोपियों ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. उन्होंने पीड़ित पर दबाव बनाया कि वह अपने किसी परिचित को फोन कर 15 लाख रुपये का इंतजाम करे और यह कहे कि उसका एक्सीडेंट हो गया है.
हालांकि आरोपियों की यह योजना सफल नहीं हो सकी. जब पैसे का इंतजाम नहीं हुआ तो आरोपी पीड़ित को दिल्ली-मुंबई हाईवे पर फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के पास कार समेत छोड़कर फरार हो गए. किसी तरह पीड़ित पास के एक ढाबे तक पहुंचे और वहां से पुलिस को घटना की जानकारी दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण दिल्ली पुलिस ने तुरंत दो विशेष टीमें बनाई. पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की. करीब 36 घंटे तक लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों कल्पना और सुरेंद्र को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कल्पना और सुरेंद्र दोनों तलाकशुदा हैं. दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी और बाद में नवंबर 2025 में उन्होंने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी. सुरेंद्र सेना में तैनात जवान है, जिसकी पोस्टिंग मथुरा में थी, लेकिन वह वहां रिपोर्ट नहीं कर रहा था. पुलिस के मुताबिक दोनों ने मिलकर पीड़ित को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश रची थी.
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 4 लाख रुपये नकद और पीड़ित का पर्स बरामद किया. इसके बाद फरार बाकी आरोपियों की तलाश में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के धानी संचला गांव में लगातार छापेमारी की गई. आखिरकार 11 मई को दोनों अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाकी नकदी, दो सोने की चेन, गोल्ड रिंग, एयर गन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है.