देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और लूट के आरोपी इनामी बदमाश अकरम के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी की मौत हो गई. पुलिस टीम जब बदमाशों को पकड़ने पहुंची, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को लगी, जिससे वे घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश अकरम मारा गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना के बाद अपराधियों को सख्त संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
'ऑपरेशन प्रहार' का दिखने लगा असर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मुठभेड़ को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में 'ऑपरेशन प्रहार' शुरू करने का ही यह परिणाम है कि बड़े अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है.
उन्होंने कहा कि बदमाश अब डर कर भाग रहे हैं और पुलिस का यह अभियान अब और भी तेज किया जाएगा. सीएम ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है.
जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम सरकार
सीएम धामी ने दोहराया कि राज्य में शांति भंग करने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है. उन्होंने घायल थाना प्रभारी नरेश राठौड़ के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की और कहा कि पुलिस के मनोबल को गिरने नहीं दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह के कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे ताकि देवभूमि में नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें.