scorecardresearch
 

बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिवार ने पुलिस को घेरा, आरोपी की गिरफ्तारी पर गुमराह करने के लगे आरोप

चेन्नई में एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं. परिवार का आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया गया, लेकिन थाने पहुंचने पर न आरोपी मिला और न ही कार जब्त होने की जानकारी मिली.

Advertisement
X
बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लग रहे हैं (Photo-ITG)
बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लग रहे हैं (Photo-ITG)

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. नीलंकरई इलाके में एक लग्जरी कार की टक्कर से कृष्णवेणी नाम की बुजुर्ग महिला की जान चली गई. हादसे के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की. परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है, लेकिन जब वे थाने पहुंचे तो वहां न आरोपी मिला और न ही कार जब्त किए जाने की जानकारी मिली.

मृतका के एक रिश्तेदार के मुताबिक, हादसे के बाद कृष्णवेणी का शव करीब तीन घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा. उनका आरोप है कि इस दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. परिवार के लोग जब आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध करने लगे, तब पुलिस वहां पहुंची.

रिश्तेदार ने बताया कि नीलंकरई थाने के इंस्पेक्टर ने परिवार को भरोसा दिया था कि आरोपी की पहचान कर ली गई है. उसे शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में रखा गया है. इसके बाद परिवार शव को वहां से हटाने के लिए राजी हो गया.

यह भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में टला बड़ा हादसा, बच्चों के इलाज वाले यूनिट के पास अचानक गिरा सीलिंग

थाने पहुंचे तो न आरोपी मिला, न कार जब्त होने की जानकारी

परिजनों का कहना है कि जब वे शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो उन्हें वहां न आरोपी मिला और न ही कार जब्त किए जाने का कोई पता चला. परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गुमराह किया और आरोपी को बचाने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement

मृतका के रिश्तेदार ने पुलिस पर आरोपी का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. परिवार की नाराजगी इसी बात को लेकर है कि हादसे में एक महिला की जान चली गई, लेकिन उन्हें पुलिस की कार्रवाई को लेकर साफ जानकारी नहीं मिल रही.

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि, गिरफ्तारी नहीं होने, पुलिस द्वारा कथित तौर पर गलत जानकारी देने और आरोपी को बचाने के आरोप परिवार की ओर से लगाए गए हैं. इन आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, परिवार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement