scorecardresearch
 

थाने में काटी हाथ की नस, तब हुई FIR, बिहार की महिला टीचर ने CISF जवान पर लगाया बड़ा आरोप

बिहार के बेगूसराय में कार्यरत बीपीएससी शिक्षिका ने सीआईएसएफ जवान मनजीत कुमार पर सगाई के बाद शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि पिता के निधन के बाद आरोपी शादी से मुकर गया. दो महीने तक केस दर्ज न होने पर पीड़िता ने अथमलगोला थाने में नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की. वहीं, आरोपी के भाई ने सभी आरोपों को झूठा बताया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. Photo ITG
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. Photo ITG

बेगूसराय में कार्यरत और गया जिले की रहने वाली एक बीपीएससी शिक्षिका ने सीआईएसएफ के जवान मनजीत कुमार पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. इस मामले में 13 जुलाई को पटना जिले के अथमलगोला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ था और अक्टूबर 2025 में इंगेजमेंट भी हुई. इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं. शिक्षिका का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया. विरोध करने पर आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया, इसलिए वह चुप रही.

महिला का कहना है कि बाद में उसके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और दूसरी जगह रिश्ता तय कर लिया. पीड़िता का आरोप है कि वह करीब दो महीने तक अथमलगोला थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए चक्कर लगाती रही, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया. इससे परेशान होकर उसने थाना परिसर में नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.

Advertisement

बाढ़ के डीएसपी रामकृष्ण ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि महिला ने शादी का आश्वासन देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है.

वहीं, आरोपी के बड़े भाई अमित कुमार ने सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि परिवार को लड़की पसंद नहीं थी और इसकी जानकारी पहले ही दे दी गई थी. उन्होंने दावा किया कि बाद में लड़की स्वयं उनके भाई से संपर्क करने लगी और अब दूसरी जगह शादी तय होने के बाद झूठे आरोप लगा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement