नोएडा साइबर सेल ने एक इंजीनियर को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इसने पेटीएम कंपनी में कार्यरत एक सहायक प्रबंधक के पेटीएम अकाउंट से 3 लाख 76 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए हैं. इसका एक साथी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
एसपी क्राइम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 5 स्थित पेटीएम कंपनी में सहायक प्रबंधक के रूप में काम करने वाले एस. ए. राज ने साइबर सेल में शिकायत की थी कि एक फरवरी को उनका आईफोन गिर गया था.
इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन के सिम का दुरुपयोग करके, उनके पेटीएम के खाते से तीन लाख 76 हजार रुपये नगद निकाल लिए थे. एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. साइबर सेल के निरीक्षक महीपराज सिंह ने शुक्रवार को एक सूचना के आधार पर अश्विनी नाम के एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि सड़क पर मिले एक मोबाइल फोन से सिम निकाल कर उसकी सहायता से पैसे निकाले और अपने परिचित शिवराज शर्मा के अकाउंट में ट्रांसफर करा दिए. बाद में उसने शिवराज शर्मा के अकाउंट से पैसे अपने अकाउंट में ट्रांसफर किए. एसपी ने बताया कि पुलिस शिवराज शर्मा की तलाश कर रही है और वह अभी फरार है.
पुलिस यह जानने की कोशिश भी कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी ने अब तक कितने लोगों के साथ साइबर ठगी की है.