बैंक में खाता खोलवाना हो, म्यूचुअल फंड में निवेश करना हो, या फिर इंश्योरेंस करवाने के दौरान पहचान पत्र और एड्रेस प्रूफ की हमेशा जरूरत पड़ती है. हर काम के लिए अलग-अलग केवाईसी प्रोसेस से होकर गुजरना पड़ता है. जिससे एक आम आदमी को परेशानी होती है. लेकिन अब इस समस्या का समाधान होने वाला है.
दरअसल इस समस्या को दूर करने के लिए सेंट्रल केवाईसी (CKYC) एक विकल्प बनने वाला है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ग्राहकों को अपना 14 अंकों वाला CKYC नंबर जानने और वित्तीय सेवाएं लेते समय इसका उपयोग करने की सलाह दे रहा है, ताकि बार-बार पेपरवर्क और सत्यापन प्रक्रिया से बचा जा सके.
क्या है CKYC और CKYC नंबर?
CKYC (Central Know Your Customer) एक ऐसा सिस्टम है, जिसे भारत सरकार और वित्तीय नियामकों (RBI, SEBI, IRDAI, PFRDA) द्वारा शुरू किया गया है. जब आप किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान में पहली बार केवाईसी करवाते हैं, तो आपका सारा डेटा सेंट्रल केवाईसी रिकॉर्ड्स रजिस्ट्री (CKYCR) में सुरक्षित रूप से दर्ज कर लिया जाता है.
बार-बार दस्तावेज जमा करने से मुक्ति
इसके बाद ग्राहक को 14 अंकों का एक यूनिक पहचान नंबर (CKYC Number/KIN) जारी किया जाता है. एक बार CKYC नंबर बन जाने के बाद जब भी किसी बैंक में खाता खोलवाना हो, म्यूचुअल फंड के लिए KYC करवाना हो या फिर इंश्योरेंस खरीदते समय आपको दोबारा आधार, पैन या एड्रेस प्रूफ जैसे फिजिकल दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी. वहां CKYC से काम हो जाएगा.
संबंधित वित्तीय संस्थान केवल आपके 14 अंकों के CKYC नंबर का उपयोग करके केंद्रीय डेटाबेस से आपका पहले से सत्यापित केवाईसी रिकॉर्ड प्राप्त कर लेता है. इससे ग्राहकों का समय बचता है और खाता खोलने की प्रक्रिया बेहद तेज और आसान हो जाती है.
CKYC क्यों फायदेमंद
देश के सभी वित्तीय संस्थानों में एक ही KYC रिकॉर्ड काम करता है. खासकर फाइनेंस प्रोडक्ट्स म्यूचुअल फंड, लोन, शेयर बाजार, इंश्योरेंस से जुड़ते समय भारी कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ती है. CKYC होने से नए खाते तुरंत या बहुत कम समय में एक्टिव हो जाते हैं. केंद्रीय रजिस्ट्री में डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और किसी भी संस्थान द्वारा इसे एक्सेस करने के लिए ग्राहक की सहमति OTP आधारित ली जाती है.
अपना CKYC नंबर कैसे खोजें?
ग्राहक इन तरीकों से आसानी से अपना CKYC नंबर प्राप्त या जांच सकते हैं. अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से 7799022129 पर मिस कॉल देकर पता कर सकते हैं. जिस बैंक या म्यूचुअल फंड कंपनी में आपका खाता है, उनके नेट बैंकिंग/मोबाइल ऐप के 'प्रोफाइल' सेक्शन में जाकर या Customer Care से संपर्क करके जान सकते हैं.
CKYC की आधिकारिक वेबसाइट (ckycindia.in) पर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए CKYC कार्ड/नंबर डाउनलोड करके प्राप्त कर सकते हैं. डिजीलॉकर ऐप के माध्यम से भी CKYC कार्ड प्राप्त किया जा सकता है.
बता दें, जैसे-जैसे बैंकिंग और निवेश सेवाएं पूरी तरह डिजिटल हो रही हैं, RBI का जोर इस बात पर है कि ग्राहक अपने CKYC नंबर का इस्तेमाल करें. अगर आप भी अपने वित्तीय कामकाज को सहज और बिना किसी रुकावट के पूरा करना चाहते हैं, तो आज ही अपना 14 अंकों वाला CKYC नंबर पता करें और अगली बार नए वित्तीय लेनदेन में इसी का उपयोग करें.