प्याज अब रुलाने लगी है और इसकी कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश में प्याज का दाम महीनेभर में ही 20 फीसदी के आसपास बढ़ गया है. दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी और कोच्चि जैसे शहरों में Onion Price Hike का बड़ा झटका लगा है और 1 किलो प्याज रिटेल मार्केट में 60-65 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है.
प्याज की कीमतों में आए इस तेज उछाल के बाद अब सरकार का बयान आया है. इसमें Modi Govt ने देश में प्याज की उपलब्धता पर्याप्त होने और आने वाले महीनों की घरेलू मांग पूरी करने की स्थिति की बात कहते हुए प्राइस हाइक का कारण भी बताया है और कीमतों पर लगाम लगाने के लिए आगे के प्लान की जानकारी शेयर की है.
सरकार बोली- प्याज की कोई कमी नहीं
Onion Price Hike को लेकर सरकार ने तस्वीर साफ करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्याज उत्पादन लगभग 307.37 LMT रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 307.67 LMT के लगभग बराबर है. देश में प्याज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और ये आने वाले महीनों की घरेलू डिमांड को पूरा कर सकता है.
सरकार की ओर से कहा गया है कि अगस्त-सितंबर में आमतौर पर प्याज की कीमतों में मौसमी बढ़ोतरी देखने को मिलती है, जिसके पीछे त्योहारी डिमांड के अलावा मौसम और सप्लाई-चेन परिस्थितियां प्रमुख कारण रहती हैं.
प्याज की कीमतों पर लगाम का सरकार का प्लान
लगातार बढ़ती प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने कदम आगे बढ़ा दिया है और बयान में पूरा प्लान शेयर किया गया है. सरकार का कहना है कि प्याज के बफर स्टॉक से नियंत्रित मात्रा में सप्लाई जारी की जा रही है, जिससे कीमतों में अनावश्यक उतार-चढ़ाव को रोका जा सके.
इसके साथ ही सोमवार (24 अगस्त) से नासिक से प्याज की ढुलाई और रिलीज शुरू हो रही है. पहले चरण में चेन्नई, मदुरै, दिल्ली, कोच्चि और गुवाहाटी को शामिल किया गया है. ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए 2025-26 में अब तक करीब 88,000 MT प्याज 86 रेलवे रेकों से 16 प्रमुख शहरों तक पहुंचाया गया, अब जरूरत के अनुसार आगे और शहरों को जोड़ा जाएगा.
रसोई के बजट पर महंगाई की मार
गौरतलब है कि आलू, प्याज और टमाटर ऐसी सब्जी हैं, जो रोजाना रसोई में इस्तेमाल होती हैं. ऐसे में Onion Price Hike सीधे रसोई के बजट को बढ़ाने वाला साबित होता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उपभोक्ता मामलों के विभाग ने बीते शनिवार को प्याज का औसत रिटेल कीमत करीब 42 रुपये प्रति किलो दर्ज की, जो महीनेभर पहले की तुलना में करीब 19-20 फीसदी अधिक है. हालांकि, Delhi-NCR समेत कई शहरों के खुदरा बाजार में प्याज 60-65 रुपये प्रति किलो तक मिल रही है.