आज की जेन जी सिर्फ अच्छी नौकरी और हर महीने आने वाली सैलरी से खुश या संतुष्ट नहीं है. वो चाहती है कि उसके पास इतना पैसा हो कि फ्यूचर में उसे सिर्फ खर्च चलाने के लिए नौकरी पर निर्भर न रहना पड़े. इसी सोच से जुड़ा एक शब्द है FIRE, यानी 'फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस, रिटायर अर्ली'. इसका मतलब है कम उम्र में अपनी फाइनेंशियल कंडीशन इतनी मजबूत करना कि व्यक्ति अपनी मर्जी से काम करना या रिटायर होना चुन सके.
जल्दी फाइनेंशियल फ्रीडम क्यों चाहती है जेन जी?
जेन जी के लिए फाइनेंशियल फ्रीडम सिर्फ जल्दी रिटायर होने का सपना नहीं है. इसके पीछे बढ़ता खर्च, घर खरीदने की मुश्किल और नौकरी को लेकर अनिश्चितता यानी अनप्रिडिक्टिबिलिटी भी बड़ी वजह हैं.
डेलॉयट के 2026 जेन जी एंड मिलेनियल सर्वे के मुताबिक, भारत में 54% जेन जी ने अपनी आर्थिक स्थिति की वजह से बड़े जीवन से जुड़े फैसले टाले हैं. वहीं 60% से ज्यादा जेन जी और मिलेनियल्स ने कहा कि घर की कीमत या उपलब्धता उनके करियर से जुड़े फैसलों को प्रभावित करती है. रिपोर्ट में ये भी सामने आया कि फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस भारत की जेन जी की टॉप प्रायरिटीज में शामिल है.
यानी जेन जी के लिए पैसा सिर्फ ज्यादा खर्च करने का जरिया नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की आजादी भी है.
FIRE में करना क्या होता है?
FIRE मूवमेंट में आमतौर पर कमाई का बड़ा हिस्सा बचाने और इनवेस्ट करने पर जोर दिया जाता है. टारगेट ये होता है कि टाइम के साथ इतनी बचत और निवेश तैयार हो जाए कि उससे मिलने वाला रिटर्न रोजमर्रा के खर्चों को संभाल सके. FIRE का फोकस हमेशा से चले आ रहे रिटायरमेंट उम्र का इंतजार करने के बजाय जल्दी फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस हासिल करने पर होता है.
हालांकि, इसका मतलब ये जरूरी नहीं कि जेन जी 30 या 35 की उम्र में काम करना पूरी तरह छोड़ना चाहती है. FIRE का मकसद सिर्फ नौकरी छोड़ना नहीं, बल्कि ऐसी आर्थिक स्थिति हासिल करना है जहां व्यक्ति के पास काम जारी रखने, करियर बदलने या रिटायर होने का ऑप्शन हो.
यानी जेन जी के लिए फाइनेंशियल फ्रीडम का सपना सिर्फ पैसा जमा करने का नहीं, बल्कि वक्त और फैसलों पर अपना कंट्रोल पाने का सपना है.