scorecardresearch
 

8th Pay Commission: रिपोर्ट आने से पहले 67% हो जाएगा DA? समझें कहां से आया ये आंकड़ा

8th Pay Commission DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में जनवरी 2027 से बढ़ोतरी का अनुमान है. मौजूदा 63 फीसदी DA बढ़कर 67 फीसदी तक पहुंच सकता है. यह अनुमान दिसंबर तक महंगाई के आंकड़े अगस्त के स्तर पर बने रहने की शर्त पर आधारित है. खास बात यह है कि यह 7वें वेतन आयोग के तहत आखिरी DA बढ़ोतरी हो सकती है.

Advertisement
X
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने से पहले 67% तक पहुंच सकता है. (Photo: ITG/@Gfx)
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने से पहले 67% तक पहुंच सकता है. (Photo: ITG/@Gfx)

केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में नए साल पर एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है. जनवरी 2027 से DA मौजूदा 63 फीसदी से बढ़कर 67 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है. यानी कर्मचारियों के बेसिक-पे पर महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हो सकती है. यह अनुमान 7वें वेतन आयोग के फॉर्मूले और महंगाई के आंकड़ों पर आधारित है. हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि दिसंबर 2026 तक महंगाई के आंकड़े अगस्त के स्तर पर बने रहें. खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने से कुछ महीने पहले हो सकती है.

केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते को 1 जुलाई 2026 से बढ़ाकर बेसिक-पे का 63 फीसदी कर दिया है. अब जनवरी 2027 से लागू होने वाली अगली किस्त का फैसला जनवरी से दिसंबर 2026 के महंगाई के आंकड़ों के आधार पर होगा. DA की गणना के लिए औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) का इस्तेमाल किया जाता है. यह सूचकांक बताता है कि आम इस्तेमाल की चीजों और सेवाओं की कीमतों में कितना बदलाव हुआ है. DA निकालने का फॉर्मूला 2016 से नहीं बदला है. जनवरी से अगस्त 2026 तक के आंकड़े जारी हो चुके हैं, जबकि सितंबर का आंकड़ा अभी प्रकाशित नहीं हुआ है. ऐसे में दिसंबर तक अगस्त के स्तर को बरकरार मानकर जनवरी 2027 के DA का अनुमान लगाया गया है.

कैसे 67% तक पहुंच सकता है DA?

Advertisement

DA की गणना पिछले 12 महीनों के औसत AICPI-IW के आधार पर होती है. जनवरी से दिसंबर 2026 के लिए उपलब्ध और अनुमानित आंकड़े इस तरह हैं...

DA Hike Calculation​

इन आंकड़ों के आधार पर 12 महीनों का औसत AICPI-IW 152 निकलता है. अब इसी औसत को DA के फॉर्मूले में रखने पर संभावित दर का पता चलता है.

DA निकालने का फॉर्मूला

DA = [{(पिछले 12 महीनों का औसत AICPI-IW × 2.88) - 261.41} ÷ 261.41] × 100

इस फॉर्मूले के मुताबिक कैलकुलेशन ऐसे होगा:

- पहला कदम: 152 × 2.88 = 437.76

- दूसरा कदम: 437.76 - 261.41 = 176.35

- तीसरा कदम: 176.35 ÷ 261.41 = 0.674607

- चौथा कदम: 0.674607 × 100 = 67.46%

इस तरह फॉर्मूले से DA की दर करीब 67.46 फीसदी निकलती है. मौजूदा DA 63 फीसदी है, इसलिए संभावित बढ़ोतरी 4.46 प्रतिशत अंक बैठती है.

सरकार 4% बढ़ा सकती है महंगाई भत्ता

DA की गणना से 67.46 फीसदी का आंकड़ा निकल रहा है. हालांकि, सरकार आमतौर पर महंगाई भत्ते की दर को अगले पूरे अंक तक बढ़ाने के बजाय नीचे की ओर राउंड करती है. ऐसे में 4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ DA 63 फीसदी से बढ़कर 67 फीसदी हो सकता है. यहां ध्यान देने वाली बात है कि 67 फीसदी का अनुमान अभी अंतिम नहीं है. यह इस शर्त पर आधारित है कि सितंबर से दिसंबर तक AICPI-IW का आंकड़ा 154.4 पर बना रहे. अगर आने वाले महीनों में सूचकांक बढ़ता है तो DA की दर इससे ज्यादा भी निकल सकती है. वहीं, सूचकांक में गिरावट आने पर बढ़ोतरी का अनुमान कम हो सकता है.

Advertisement

कर्मचारी संगठनों की वेतन आयोग से मांगें

8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर कर्मचारी संगठन महंगाई भत्ते की गणना में बदलाव की मांग भी उठा रहे हैं. उनकी मांग है कि DA की गणना में राउंडिंग के बजाय वास्तविक आंकड़े के आधार पर बढ़ोतरी दी जाए। इसे पॉइंट-टू-पॉइंट DA कहा जा रहा है. फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशंस (FNPO) ने मांग की है कि कर्मचारियों को बिना राउंडिंग के पॉइंट-टू-पॉइंट DA दिया जाना चाहिए. संगठन ने यह प्रस्ताव भी रखा है कि जब DA/DR यानी महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 25 फीसदी से ज्यादा हो जाए, तो इसे बेसिक पे में मिला दिया जाए. वहीं, भारत पेंशनर्स समाज ने DA और DR में हर तीन महीने पर बदलाव की मांग की है. इसके लिए तीन महीने के औसत महंगाई सूचकांक को आधार बनाने और पॉइंट-टू-पॉइंट भरपाई देने का प्रस्ताव रखा गया है. ये सभी मांगें हैं, जिन पर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के दौरान विचार हो सकता है.

8वें वेतन आयोग के लागू होने पर क्या होगा?

8वें वेतन आयोग का गठन नवंबर 2025 में हुआ था और इसे अपनी रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से आयोग मई 2027 तक अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को सौंप सकता है। रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की उम्मीद है. अगर जनवरी 2027 से DA बढ़कर 67 फीसदी हो जाता है, तो यह 8वें वेतन आयोग की नई वेतन संरचना लागू होने से पहले 7वें वेतन आयोग के तहत मिलने वाला आखिरी DA संशोधन हो सकता है.

Advertisement

नई वेतन संरचना लागू होने पर मौजूदा DA को नए बेसिक-पे में मिलाया जा सकता है और DA की गणना नए सिरे से शुरू हो सकती है. ऐसे में महंगाई भत्ता फिर शून्य से शुरू हो सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों को पहले से मिल रहा 67 फीसदी DA का फायदा खत्म हो जाएगा, बल्कि इसे नए बेसिक-पे में शामिल किए जाने की संभावना है. हालांकि, नई वेतन संरचना में DA को किस तरह शामिल किया जाएगा और इसे कब से लागू किया जाएगा, इसका फैसला केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी और आधिकारिक आदेशों के बाद ही साफ होगा. फिलहाल 67 फीसदी DA को जनवरी 2027 के लिए एक अनुमान के तौर पर ही देखना चाहिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement