सरकार छोटी बचत योजनाओं के तहत हर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को आर्थिक सहायता करने की कोशिश करती है. इसी कारण, कई तरह की योजनाएं लॉन्च की गई है, ताकि हर पात्र व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से निवेश कर सके. ये योजनाएं मार्केट लिंक भी नहीं हैं, जिस कारण रिस्क बिल्कुल ही समाप्त हो जाता है.
आज हम एक ऐसी ही सरकारी योजना के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपको मोटा मुनाफा दे सकती है. इस योजना के तहत सिर्फ ब्याज से आपकी 50 लाख रुपये तक की कमाई हो सकती है. इस योजना को आप अपने नजदीकी डाकघर से ले सकते हैं और अपने निवेश पर तगड़ा मुनाफा कमा सकते हैं.
हम जिस योजना की बात कर रहे हैं तो यह सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) है, इस योजना के तहत आप अपने बिटिया के नाम पर अकाउंट खोल सकते हैं और निवेश शुरू कर सकते हैं. इसमें बिटिया के 15 साल की उम्र तक निवेश करना होता है और जब आपकी बेटी 21 साल की हो जाएगी तो आप इस योजना से पूरी रकम निकाल सकते हैं.
अगर आप बेटी के जन्म के कुछ दिन बाद इस योजना में निवेश शुरू करते हैं तो हर महीने कम रकम निवेश करनी होगी. जब 15 साल हो जाएंगे तो आप निवेश बंद कर सकते हैं, जिसके बाद भी 21 साल की उम्र तक ब्याज का लाभ मिलता रहेगा.
छोटी बचत योजना की अन्य योजनाओं की तुलना में इस बचत योजना में सबसे ज्यादा ब्याज मिलता है, जो तिमाही आधार पर तय होता है. जुलाई से सितंबर तिमाही के लिए 8.20 फीसदी का ही ब्याज तय किया गया है. इसका मतलब है कि इस साल आपको इस योजना में 8.20 फीसदी का ब्याज दिया जाएगा.
हर महीने कितना जमा कर सकते हैं?
सुकन्या समृद्धि योजना में एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम जमा राशि 250 रुपये है, जबकि अधिकतम 1.50 लाख रुपये है. एक साल में आप अधिकतम 1.50 लाख रुपये एकमुश्त या कई किश्तों में जमा कर सकते हैं या फिर आप हर महीने भी निवेश कर सकते हैं. 15 वर्ष की अवधि पूरी होने तक इसमें पैसा जमा हो सकता है, लेकिन खाता खोलने के डेट से 21 वर्ष की उम्र तक मैच्योरिटी पूरी होती है.
कैसे ब्याज से 50 लाख रुपये की कमाई
अगर कोई व्यक्ति अपनी लड़की के जन्म के समय 1.5 लाख रुपये का निवेश करना शुरू करता है, तो 21 वर्ष की आयु होने या मैच्योरिटी पूरी होने तक उसे 72 लाख रुपये मिलेंगे. इसमें 50 लाख रुपये सिर्फ ब्याज से मिलेगा.
मान लीजिए आप सालाना डिपॉजिट- 1,50,000 रुपये कर रहे हैं, जिसे आप 15 साल तक जमा करते रहते हैं और बिटिया की उम्र 21 साल की होने पर इसकी मैच्योरिटी पूरी होती है. अब आपने 15 साल तक इसमें 22,50,000 रुपये जमा किए. 21 साल पूरे होने पर आपको 8.2 फीसदी के ब्याज पर कुल 71,82,119 रुपये मिलेंगे. इसमें ब्याज से कमाई 49,32,119 रुपये होगी.