देश में पहली बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी जोरों पर हैं और इसका ट्रैक से लेकर स्टेशन निर्माण का काम रॉकेट की रफ्तार से जारी है. भारतीय रेलवे और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से लगातार India's First Bullet Train को लेकर अपडेट शेयर किए जा रहे हैं. अब रेल मंत्री ने गुजरात में बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ी जानकारी दी है और बताया है कि इससे यात्री महज डेढ़ घंटे में वडोदरा से मुंबई पहुंच जाएंगे. (Photo: X/MinistryOfRailway)
स्वदेशी बुलेट ट्रेन का मई में ट्रायल
Gujarat के वडोदरा में मंगलवार को आयोजित 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है. उन्होंने घोषणा करते हिए कहा कि भारत की पहली स्वदेशी निर्मित बुलेट ट्रेन का ढांचा तैयार है ये 'ठीक परसों' पूरा हो गया था और परीक्षण के लिए तैयार है. Indian Bullet Train के मई 2027 में परीक्षण के लिए पटरियों पर उतरने की उम्मीद है. (Photo: PTI)
ट्रायल के बाद PM मोदी करेंगे शुरुआत
अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में आगे कहा कि अगले साल 2027 में जहां मई या जून तक भारत की अपनी पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन (Bullet Train Trial Run) की शुरुआत होगी और दो से चार महीने के इसके परीक्षण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) खुद बुलेट ट्रेन का उद्घाटन करेंगे. (Photo: ITG/MinistryOfRailway)
वडोदरा से मुंबई सिर्फ 1.5 घंटे में
रेल मंत्री के मुताबिक, जब देश में बुलेट ट्रेन पटरियों पर दौड़ने लगेगी, तो वडोदरा से मुंबई तक इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को ये सफर तय करने में सिर्फ डेढ़ घंटे का समय ही लगेगा. बता दें कि रेल मार्ग से वडोदरा जंक्शन से मुंबई सेंट्रल के बीच की दूसरी करीब 391-392 किमी है. अभी इस रेल लाइन पर सबसे तेज ट्रेन वडोदरा–मुंबई सेंट्रल वंदे भारत चलती है, जिसके जरिए करीब 4 घंटे 44 मिनट का समय लगता है. (Photo: Reuters)
बुलेट ट्रेन की इतनी होगी रफ्तार
Bullet Train प्रोजेक्ट की शुरुआत साल 2017 में हुई थी और अब एक दशक के बाद अगले साल अनुमानित 15 अगस्त से देश की पहली बुलेट ट्रेन चलने लगेगी. पहले चरण में इसे मुंबई-अहमदाबाद ट्रैक पर चलाए जाने की तैयारी है. बुलेट ट्रेन की रफ्तार 280 किलोमीटर प्रति घंटे से 350 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है. (Photo: Reuters)
मुंबई से अहमदाबाद के बीच 12 स्टॉपेज
Bullet Train को चलाने की तैयारी किस कदर तेज है, इससे जुड़े फोटो वीडियो लगातार रेलवे की ओर से शेयर किए जाते हैं. इनमें जहां ट्रैक के निर्माण से लेकर इसके इलेक्ट्रीफिकेशन की तस्वीरें शेयर की जाती हैं, तो वहीं इस हाई स्पीड Mumbai-Ahmdabad बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के बीच पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों के वीडियो-फोटो भी जारी किए जा रहे हैं. बता दें कि इस रेल रूट पर बुलेट ट्रेन 12 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें मुंबई (BKC), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं. (Photo: X/NHSRCL)