बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में शुक्रवार को तेजी देखी जा रही है. बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स 90 अंकों की बढ़त के साथ 19995 के स्तर पर पहुंच गया, वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी भी इस समय 25 अंकों की बढ़त के साथ 5935 के स्तर पर पहुंच गया.
चूंकि आज हफ्ते का आखिरी कारोबारी दिन है बाजार में बहुत तेजी की संभावना नहीं जताई जा सकती है.
जानकारों को कहना है कि यूएस में बजट बिल पास नहीं होने और बंदी शुरू होने की वजह से निवेशक भारतीय शेयर बाजारों का रुख कर सकते हैं. भारतीय शेयर बाजारों में लगातार दो सत्रों में आई तेजी की अभी मुख्य वजह अमेरिका की वर्तमान स्थिति बताई जा रही है. हालांकि कुछ जानकारों का यह भी कहना है कि पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजारों में काफी गिरावट आई थी, ऐसे में अभी खरीदारी का बढ़ना स्वाभाविक था.
हालांकि जानकार अभी निवेशकों को अतिउत्साही होने से बचने की सलाह दे रहे हैं. इस तेजी को अल्पकालिक मानते हुए किसी भी शेयर की खरीदारी करने से पहले संबंधित कंपनी के फंडामेंटल्स के बारे में जानकारी जरूर प्राप्त कर लें.
रुपया कमजोर
शुक्रवार सुबह रुपये में फिर से कमजोरी देखी गई. सुबह बाजार खुलने के साथ ही रुपया प्रति डॉलर 11 पैसे कमजोर होकर 62.63 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. जानकारों का मानना है कि रुपये के मूल्य में अभी कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखने वाला.
सोना चमका
सोने की कीमतों मे फिर से तेजी आई है. शुक्रवार सुबह प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 692 रुपये की तेजी के साथ 30220 रुपये दर्ज की गई.