दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने सरकारी क्षेत्र के सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अपनी विशेष 'कर्मयोगी आवास योजना 2025' के तहत फ्लैटों की बुकिंग की समय-सीमा को बढ़ा दिया है. 12 दिसंबर 2025 को लॉन्च की गई इस योजना के अंतर्गत नरेला के सेक्टर A1-A4 के पॉकेट-9 में कुल 1168 फ्लैट्स पेश किए गए थे. जिनकी बुकिंग 14 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी. 2 और 3 BHK यूनिट्स पर 25% डिस्काउंट मिलेगा.
पहले आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 मार्च थी, लेकिन लोगों की भारी दिलचस्पी को देखते हुए अब इसे बढ़ाकर 31 मई 2026 कर दिया गया है. इसका मतलब है कि केंद्र, राज्य सरकार, पीएसयू और बैंकों के कर्मचारियों के पास अब नरेला के इन सुरक्षित इलाकों में घर बुक करने के लिए दो महीने का अतिरिक्त समय है. बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर हो रही है, इसलिए इच्छुक लोग जल्द ही अपना फ्लैट सुरक्षित कर सकते हैं.
यह योजना उन लोगों के लिए एक सुनहरा मौका है जो नरेला जैसे उभरते इलाके में एक सुरक्षित और समर्पित आवासीय परिसर की तलाश में हैं. पॉकेट 6 और 9 को विशेष रूप से केवल सरकारी सेवा से जुड़े परिवारों के लिए आरक्षित किया गया है, जो एक विशिष्ट सामुदायिक वातावरण सुनिश्चित करता है.
यह भी पढ़ें: नोएडा-गुरुग्राम बजट से बाहर! गाजियाबाद के 5 इलाके हैं निवेश के लिए बेस्ट
कैसे करें अप्लाई?
DDA कर्मयोगी आवास योजना के तहत फ्लैट बुक करने के लिए आपको प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान सरकारी कर्मचारी होने का प्रमाण पत्र या सेवानिवृत्ति के दस्तावेज जमा करने होते हैं और एक निर्धारित बुकिंग राशि का भुगतान ऑनलाइन करना पड़ता है. जहां तक कीमतों की बात है, नरेला के इन पॉकेट्स में फ्लैटों की दरें उनके आकार और श्रेणी (जैसे कि 1BHK या 2BHK) के आधार पर अलग-अलग हैं. सामान्य तौर पर, इन फ्लैटों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये से शुरू होकर 30-35 लाख रुपये के बीच रहने का अनुमान है, जो दिल्ली जैसे शहर में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक किफायती विकल्प साबित होता है. सटीक और नवीनतम रेट लिस्ट के लिए आपको DDA के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध ब्रोशर को देखना होगा.
यह भी पढ़ें: लुधियाना में दो भाइयों ने गिफ्ट में दिया आलीशान घर, रोने लगी बहन, वीडियो वायरल