भारत के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने का सिलसिला जारी है. इनमें शामिल तमिलनाडु की बात करें, तो फिल्म जगत से राजनीति में कदम रखने वाले सुपरस्टार थलपति विजय कमाल कर रहे हैं. विजय की अगुवाई वाली टीवीके खबर लिखे जाने तक राज्य की 102 सीटों पर आगे चल रही थी और AIDMK (73 सीट) और DMK (48 सीट) से बढ़त बनाए हुए हैं.
तमिलनाडु के इन रुझानों के बाद साउथ स्टार विजय और उनके घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई. 2024 में एक्टिंग से रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने 2026 में चुनावी मैदान में ताल ठोकी और यहां भी अपना धमाल दिखाते नजर आए हैं. संपत्ति के बारे में बात करें, तो चुनावी हलफनामे में विजय ने अपनी नेटवर्थ (Thalapathy Vijay Networth) का खुलासा किया था और इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति 600 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई थी.
दोनों सीटों से आगे चल रहे विजय
Thalapathy Vijay का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है, वे तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में दो सीटों पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (ईस्ट) से चुनावी मैदान में हैं. चुनावी नतीजों के रुझानों को देखें, तो दोनों ही सीटों से सुपरस्टार आगे चल रहे हैं. अभिनेता से राजनेता बने विजय को क्षेत्र की जनता का पूरा सपोर्ट मिलता हुए नजर आ रहा है, न सिर्फ विजय बल्कि उनकी पूरी पार्टी राज्य में 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
600 करोड़ से ज्यादा संपत्ति के मालिक
विजय की संपत्ति पर नजर डालें, तो चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे में उन्होंने बताया था कि उनकी कुल नेटवर्थ 603.20 करोड़ रुपये है. इनमें विभिन्न बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये से अधिक का जमा है. अभिनेता-राजनेता के हलफनामे को देखें, तो कुल नेटवर्थ में उनकी चल संपत्ति 404.58 करोड़ रुपये की है, जबकि विजय के पास 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.
उनकी संपत्ति में फिल्मों से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा शामिल है. इसके अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट, रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट समेत अन्य निवेश के जरिए उन्हें मोटी कमाई होती है.
पीटीआई की एक रिपोर्ट में विजय के चुनावी हलफनामे के हवाले से कहा गया कि उनकी पत्नी संगीता ने 15.76 करोड़ रुपये की अलग संपत्ति घोषित की है, जिसमें 15.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. इतनी संपत्ति होने के बाद भी उन्होंने बताया कि उनके पास कोई देनदारी नहीं है.
883 ग्राम सोना विजय के पास
विजय ने हलफनामे में अपने पास 2 लाख रुपये की नकदी बताई थी. इसके साथ ही इसमें बताया गया कि उनके पास 883 ग्राम सोने की ज्वेलरी, जबकि 15 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण बताए गए थे. साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाने वाले थलपति विजय लग्जरी कारों के भी शौकीन माने जाते हैं, उनके कार कलेक्शन में BMW-530, टोयोटा लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और बीएमडब्ल्यू आई7 जैसी महंगी कारें शामिल हैं.
थलपति विजय सबसे ज्यादा आयकर रिटर्न देने वाले एक्टर्स में शामिल हैं. उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपने आयकर रिटर्न में कुल 184.53 करोड़ रुपये की आय दर्ज की थी. Thalapathy Vijay की अचल संपत्तियों की बात करें, तो उनके पास चेन्नई समेत अन्य स्थानों पर कई कमर्शियल और रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज हैं. उनकी अचल संपत्तियों की लिस्ट में कोडाइकनाल की करोड़ों की एग्रीकल्चर लैंड भी है.