टाटा ग्रुप में लंबे समय से विवाद चल रहा है और अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है. कई एक्सपर्ट्स का तो यहां तक दावा है कि इस विवाद के कारण ही इस ग्रुप की कंपनियों की अर्निंग पर असर पड़ा है और शेयरों की कीमत घटी है.
हालांकि, आज टाटा संस बोर्ड की बैठक होने जा रही है, जिसमें इस ग्रुप की कंपनियों के कारोबार और अर्निंग पर बात होगी. इस बैठक से पहले ही टाटा ग्रुप के शेयरों में तेजी देखी जा रही है.टाटा इन्वेस्टमेंट, तेजस नेटवर्क जैसे शेयरों में 7 फीसदी तक की उछाल आई है.
दोपहर 12.20 बजे तेजस नेटवर्क के शेयर 6.32% चढ़कर 503.90 रुपये पर कारोबार कर रहे थे, जबकि इंट्रो के दौरान यह शेयर 7 फीसदी चढ़ चुका था. वहीं टाटा इन्वेस्टमेंट के शेयर 3.06% चढ़कर 699.50 रुपये पर कारोबार कर रहे थे.
बैठक में क्या होगा?
सीएनबीसी नेटवर्क 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा ग्रुप की पांच कंपनियों के बिजनेस प्लान पर बात होगी. खासकर ऐसी कंपनियों के कारोबार को लेकर बातचीत की जाएगी, जिनके कारोबार में अभी नुकसान हुआ है. इन पांच कंपनियों में टाटा डिजिटल, एअर इंडिया, ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर, तेजस नेटवर्क और अन्य शामिल हैं.
तेजस नेटवर्क के नतीजे
मार्च तिमाही के दौरान इस कंपनी का कंसोलिडेड नेट लॉस 211.34 करोड़ रुपये रहा है. पिछले साल इसी तिमाही के दौरान कंपनी का नेट लॉस 71.80 करोड़ रुपये था. कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्य 82.55% गिरकर 332.69 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में रेवेन्यू 1,906.94 करोड़ रुपये था.
कंपनी का EBITDA लॉस 118 करोड़ रुपये रहा है, जो एक साल पहले 122 करोड़ रुपये था और वहां से 197.26% नीचे कारोबार कर रहा है. कंपनी का EBITDA मार्जिन -35.53%, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 6.37% था.
अनलिस्टेड कारोबार को भी नुकसान
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि वित्त वर्ष 2025 में टाटा ग्रुप के नॉन लिस्टेड कारोबार को 10,905 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जो बढ़कर 29,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रशेखर और टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा कंपनियों के नतीजों को लेकर वीकेंड पर मिले थे और इसपर चर्चा की थी. ये दोनों बोर्ड के डायरेक्टर के तौर पर नॉमिनी हैं. यह बैठक टाटा ग्रुप में चल रहे विवाद को लेकर काफी महत्पवूर्ण मानी जा रही है. इससे ग्रुप के कारोबार को लेकर स्पष्टता मिलेगी.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)