देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे (Election Results 2026) आज आ रहे हैं. पश्चिम बंगाल, केरल से लेकर असम तमिलनाडु और पुड्डुचेरी तक में किसकी सरकार बनेगी ये सोमवार को साफ हो जाएगा. इन चुनावों पर शेयर बाजार की भी पैनी नजर है और चुनाव नतीजों का हर अपडेट सेंसेक्स-निफ्टी की चाल पर असर डाल सकता है. एक्सपर्ट भी कहते नजर आ चुके हैं कि शेयर मार्केट की चाल इस हफ्ते अन्य तमाम फैक्टर्स के साथ ही आने वाले नतीजे भी प्रभावित करेंगे.
नतीजों के आने से पहले ही शेयर बाजार में तेजी के संकेत विदेशों से मिल रहे हैं. दरअसल, एशियाई शेयर बाजारों ने तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की है. जापान से कोरिया तक और हांगकांग के हेंगसेंग से लेकर गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) तक ग्रीन जोन में कारोबार कर रहे हैं.
किस करवट बैठेगा शेयर बाजार?
शेयर मार्केट के दोनों इंडेक्स बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को तेज गिरावट के साथ बंद हुए थे. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स जहां 582 अंक फिसलकर 76,913 पर क्लोज हुआ था, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 180 अंकों की बड़ी गिरावट लेकर 23,997 पर बंद हुआ था. इस गिरावट पर सोमवार को ब्रेक लगने के सिग्नल मिल रहे हैं.
भारतीय शेयर बाजार के लिए प्रमुख संकेतक माना जाने वाला गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) बढ़त के साथ 24,240 पर कारोबार कर रहा था और ये Sensex-Nifty के लिए अच्छे संकेत माने जा रहे हैं.
एशियाई शेयर बाजार बम-बम
न सिर्फ गिफ्ट निफ्टी, बल्कि तमाम एशियाई शेयर बाजार भी सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी के सिग्नल देते हुए नजर आ रहे हैं. खबर लिखे जाने तक जापान का निक्केई इंडेक्स (Japan Nikkei) 250 अंक के आसपास उछलकर 59,515 पर ट्रेड कर रहा था. तो वहीं हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स (Hongkong HangSeng) 380 अंक की जोरदार उछाल के साथ 26,150 पर कारोबार कर रहा था.
इसके अलावा बात साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स (South Korea KOSPI) की करें, तो इसमें भी तगड़ी तेजी आई है और ये 3.90 फीसदी या 260 अंक की उछाल के साथ 6853 पर कारोबार करता हुआ नजर आया है. अन्य एशियाई मार्केट्स में DAX 340 अंक, तो CAC 120 अंक की तेजी लिए हुए था.
आने लगे चुनावी नतीजे
गौरतलब है कि एक केंद्र शासित प्रदेश समेत देश के पांच राज्यों में बीते दिनों संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में नतीजे आने शुरू हो गए हैं. सुबह 8 बजे से काउंटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है. जिन पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आ रहे हैं, उनमें शेयर बाजार निवेशकों की सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों (West Bengal Election Results 2026) पर टिकी है. यहां कुल 293 सीटें हैं. सत्ताधारी टीएमसी ममता बनर्जी की अगुवाई में जीत का चौका लगाने की कोशिश में है, वहीं बीजेपी को कमल खिलने की पुरजोर उम्मीद है. हालांकि, किसकी सरकार बनेगी ये आज पता चल जाएगा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)