दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलॉन मस्क (Elon Musk) इतिहास रचने से महज चंद कदम दूर हैं. जी हां, वे दुनिया के पहले खरबपति बनने वाले हैं और ये कमाल उनकी कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) करने वाली है, जो दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लॉन्च (World's Biggest IPO) कर रही है. 12 जून को इसकी लॉन्चिंग है और मस्क की नेटवर्थ में अचानक 274 अरब डॉलर का उछाल आ गया है. इसके साथ ही उनकी कुल संपत्ति लगभग ताइवान की जीडीपी जितनी हो गई है.
दुनिया का सबसे बड़ा IPO लॉन्च
Elon Musk की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स ने अमेरिकी बाजार में अब तक का सबसे बड़ा इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पेश कर रही है. आईपीओ के प्राइस बैंड की बात करें, तो ये 135 डॉलर प्रति शेयर तय किया गया है. इस आईपीओ लॉन्च के जरिए स्पेसएक्स कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन 1.77 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर होगी. इसका सीधा असर एलन मस्क की संपत्ति (Elon Musk Networth) पर पड़ा है.
कंपनी के दस्तावेजों और फोर्ब्स के अनुमानों के आधार पर रॉयटर्स ने एक कैलकुलेशन के आधार पर अनुमान जाहिर किया है कि स्पेसएक्स के शेयरों में कारोबार शुरू होने पर मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो सकती है यानी वे दुनिया के पहले ट्रिलेनियर यानी खरबपति बन जाएंगे.
अभी कहां पहुंची मस्क की संपत्ति?
स्पेसएक्स आईपीओ लॉन्च ने ही एलॉन मस्क को एक बड़े मुकाम पर पहुंचा दिया है. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों पर नजर डालें, तो अब मस्क की नेटवर्थ 971 अरब डॉलर हो गई है. इस आंकड़े के साथ एलॉन मस्क Top-10 Billionaires List में उनके बाद दूसरे पायदान पर मौजूद गूगल अल्फाबेट के को-फाउंड लैरी पेज से तीन गुना से भी ज्यादा अमीर हो गए हैं.Larry Page Networth 304 अरब डॉलर है.
एलॉन मस्क की संपत्ति का ये आंकड़ा ताइवान की जीडीपी के आसपास पहुंच गया है, जो करीब 976 अरब डॉलर है. न सिर्फ Taiwan, बल्कि एलॉन मस्क की नेटवर्थ में आए उछाल के बाद उनकी संपत्ति अब कई देशों के वार्षिक आर्थिक उत्पादन से भी अधिक है. उनकी संपत्ति भारत के सकल घरेलू उत्पाद (India GDP) के लगभग एक चौथाई के बराबर है, जो आईएमएफ के अनुमानों के अनुसार लगभग 4.15 ट्रिलियन डॉलर है.
इस साल संपत्ति में तगड़ा उछाल
एलॉन मस्क की संपत्ति में इस साल 2026 में अब तक 351 अरब डॉलर का उछाल आ चुका है, जो कि दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान लैरी पेज की कुल नेटवर्थ से भी ज्यादा है. बहस चाहे जो भी हो, आंकड़े खुद ही सब कुछ बयां करते हैं कि आधुनिक इतिहास में किसी भी व्यक्ति ने इतनी बड़ी संपत्ति जमा नहीं की है.
इन दिग्गज कंपनियों की कमान
1971 में दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में एक कनाडाई मां और दक्षिण अफ्रीकी मूल के पिता के घर जन्मे एलॉन मस्क ने पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की, 1997 में वे ग्रेजुएट हुए थे. अगले तीन दशकों में, उन्होंने कंपनियों का एक ऐसा नेटवर्क बनाया, जिसने उन्हें दुनिया की सबसे शक्तिशाली कॉर्पोरेट हस्तियों में एक बना दिया.
एलॉन मस्क टेस्ला और स्पेसएक्स के जरिए ग्लोबली फेमस हुए. 2008 में सीईओ के रूप में टेस्ला में शामिल होने के बाद, उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल तकनीक को नया आयाम दिया. सिर्फ टेस्ला और स्पेसएक्स ही नहीं, बल्कि मस्क ने कई अन्य कंपनियों की सह-स्थापना भी की है, जिनमें ब्रेन-इम्प्लांट स्टार्टअप न्यूरालिंक और अंडरग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन कंपनी 'द बोरिंग कंपनी' शामिल हैं. 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर का 44 अरब डॉलर में अधिग्रहण उनके द्वारा किया गया था.