भारती एयरटेल (Bharti Airtel) का मुनाफा जून तिमाही में ₹8,167 करोड़ पहुंच गया. कंपनी का प्रॉफिट 37.3% बढ़ा है. कंपनी की कमाई में यह बढ़त भारत और अफ्रीका कारोबार में मजबूत ग्रोथ के बीच आई है. एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का प्रॉफिट ₹5,948 करोड़ था. भारती एयरटेल ने मंगलवार को अपने तिमाही नतीजों में बताया कि ऑपरेशंस से कमाई भी तेजी से बढ़ी है.
जून 2026 तिमाही में एयरटेल का रेवेन्यू 18.3% बढ़कर ₹58,539 करोड़ हो गया. जून 2025 तिमाही में यह ₹49,462.6 करोड़ था. कंपनी ने सालाना आधार पर कमाई में अच्छी बढ़त दर्ज की है. कंपनी के बयान में कहा गया, 'भारती एयरटेल ने ₹58,539 करोड़ का कंसोलिडेटेड क्वाटर्ली रेवेन्यू दर्ज किया. यह ईयर ऑन ईयर बेसिस पर 18.4% और क्वाटर्ली बेसिस पर 5.7% ग्रोथ है. भारत और अफ्रीका ऑपरेशंस में मजबूत बढ़त का सपोर्ट कंपनी को मिला है.'
यह भी पढ़ें: TRAI Report June 2026: भारत में 134.8 करोड़ पहुंचे टेलिकॉम सब्सक्राइबर, Jio और एयरटेल किस पॉजिशन पर
कंपनी के लिए एक और अहम अपडेट एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) का रहा. रिपोर्टेड क्वार्टर में भारती एयरटेल का 'एवरेज रेवेन्यू पर यूजर' 5.6% बढ़कर ₹264 हो गया. एक साल पहले यह ₹250 था. एयरटेल के शेयर में इंवेस्ट करने वालों के लिए यह अच्छी खबर है. कंपनी का प्रॉफिट बढ़ा है, रेवेन्यू ग्रोथ है और एवरेज रेवेन्यू पर यूजर में भी सुधार हुआ है. ताजा नतीजों में भारत और अफ्रीका कारोबार की मजबूत बढ़त दिखी है. इसी के दम पर मुनाफा और कमाई दोनों ऊपर गए हैं.
भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गोपाल विट्टल ने एक बयान में कहा, 'हमने एक और तिमाही में शानदार परफॉर्मेंस दी है, जिसमें हमारे डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो की मज़बूती और सभी बिज़नेस में बेहतरीन काम का अहम योगदान रहा है.' नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के डेटा के मुताबिक भारती एयरटेल का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹12.29 लाख करोड़ है. इसका शेयर 4 अगस्त 2026 को 0.28% की बढ़ोतरी के साथ 1,956 रुपये के स्तर पर बंद हुआ.