scorecardresearch
 

भारतीय शेयर बाजार के बुरे दिन, विश्व की टॉप-100 कंपनियों में एक भी भारतीय नहीं... RIL, HDFC Bank और TCS बाहर

भारतीय शेयर बाजार इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहा है. वैश्विक कारणों से भारतीय बाजार पर दबाव बढ़ता जा रहा है, इस बीच, एक रिपोर्ट आई है, जो आपको हैरान कर सकती है.

Advertisement
X
टॉप 100 में भी नहीं भारत की एक भी कंपनी. (Photo: AI/ChatGPT)
टॉप 100 में भी नहीं भारत की एक भी कंपनी. (Photo: AI/ChatGPT)

वेस्‍ट एशिया में तनाव, करेंसी पर दबाव और कच्‍चे तेल के दामों में उछाल के बीच भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई है. सेंसेक्‍स इस साल करीब 12 फीसदी और निफ्टी करीब 10 फीसदी नीचे करोबार कर रहा है. विदेशी निवेशकों (FII) ने लगातार बिकवाली जारी रखी है. इस बीच, एक ऐसी रिपोर्ट आई है, जो भारतीय निवेशकों की नींद उड़ा देगी.    

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCap) के आधार पर दुनिया की टॉप 100 लिस्‍टेड कंपनियों में वर्तमान में कोई भी भारतीय कंपनी शामिल नहीं है, जबकि साल 2025 की शुरुआत में तीन भारतीय कंपनियां इस लिस्‍ट में शामिल थीं. इसमें रिलायंस इंडस्‍ट्रीज लिमिटेड (RIL), HDFC Bank Ltd और टाटा कंसल्‍टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (TCS) थे. 

यहां फिसलकर आई रिलायंस इंडस्‍ट्रीज
हालांकि, रिपोर्ट में बताया गया है कि अब इनमें से कोई भी कंपनी टॉप-100 रैंकिंग में स्थान नहीं रखती है. ब्‍लूमबर्ग के आंकड़ों के हवाले से मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सबसे वैल्‍यूवेबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज, 2025 की शुरुआत में 57वें और 2026 की शुरुआत में 73वें स्थान से फिसलकर वैश्विक स्तर पर लगभग 106वें स्थान पर आ गई है.

देश के सबसे वैल्‍यूवेबल HDFC बैंक की वैश्विक रैंकिंग में अब 190वां स्थान है, जो 2025 की शुरुआत में 97वें स्थान पर था. आगे बताया गया है कि भारत की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर एक्‍सपोर्टर कंपनी TCS, 2025 की शुरुआत में 84वें और 2026 की शुरुआत में 171वें स्थान से गिरकर वैश्विक स्तर पर 314वें स्थान पर आ गई है. 

Advertisement

इंफोसिस और आईटीसी का ये स्‍थान
रिपोर्ट के अनुसार, भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी इंफोसिस, ग्‍लोबल स्तर पर अब 590वें स्थान पर है, जबकि 2025 की शुरुआत में यह 198वें और 2026 की शुरुआत में 330वें स्थान पर थी. इस बीच, ITC 2025 और 2026 की शुरुआत में क्रमशः 296वें और 466वें स्थान से फिसलकर 702वें स्थान पर आ गया. 

अन्य प्रमुख भारतीय कंपनियों में, भारती एयरटेल वैश्विक स्तर पर 202वें स्थान पर रही, जो 2026 की शुरुआत में 164वें स्थान पर थी. इसी तरह, ICICI Bank और स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) 2026 की शुरुआत में 215वें और 231वें स्थान से फिसलकर 274वें और 276वें स्थान पर आ गए.

विदेशी निवेशकों की बिकवाली
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली जारी है. साल 2026 में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली की है. BSE और NSDL आधारित रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी से अब तक (मई 2026 तक) FII/FPI ने भारतीय इक्विटी बाजार से लगभग 2.20 लाख करोड़ रुपये निकाले हैं. सिर्फ अप्रैल में ₹60,847 करोड़ की सेलिंग देखी गई है. वहीं मई 2026 में 27,048 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement