बिहार के जमुई जिले के लछुआड़ में समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम चर्चा में रहा. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं की ओर इशारा करते हुए बड़ा राजनीतिक संकेत दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग कितना काम कर रहे हैं और आगे भी यही सब देखेंगे. इसके बाद वे मंच पर मौजूद सम्राट चौधरी की ओर बढ़े और उनके कंधे पर हाथ रखा. सम्राट चौधरी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया. इस दृश्य को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.
भाषण के दौरान महिलाएं उठकर जाने लगीं, सीएम ने रोका
कार्यक्रम के दौरान एक और अलग दृश्य देखने को मिला. मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कुछ महिलाएं उठकर जाने लगीं. इस पर नीतीश कुमार ने मंच से ही उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि काहे भाग रही हो. अरे तुम्हीं लोगों के लिए काम हो रहा है. तुम्हारे लिए और काम करेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि अभी तो सामान्य बातें हो रही हैं और जब वह बोल रहे हैं तो लोग उठकर जा रहे हैं. उन्होंने महिलाओं से कहा कि बैठो और सुनो, जो बातें बताई जा रही हैं वह सभी के काम की हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी देर से बैठकर सुनना अच्छा लग रहा था, लेकिन बोलना शुरू करते ही लोग जाने लगे.
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 914 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया. बताया गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इससे पहले भी कई बार लछुआड़ का दौरा कर चुके हैं. वो 31 दिसंबर 2015, 17 जनवरी 2017 और 12 दिसंबर 2020 को यहां आ चुके हैं.
914 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक तरफ विकास कार्यों की जानकारी दी, वहीं दूसरी ओर मंच से दिए गए संकेतों और बयान के कारण कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया.