बिहार के नवादा से खौफनाक घटना सामने आई है. 25 साल पहले जिस महिला का हाथ थामकर पति ने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया था, उसी पति ने आज पत्नी की हत्या कर दी. यह खौफनाक वारदात सात बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने हुई.
घटना नवादा के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरमा गांव की है. यहां रहने वाले रवि मांझी ने अपनी पत्नी बबीता कुमारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. रवि अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
रवि मांझी और बबीता कुमारी की शादी करीब 25 साल पहले हुई थी. बबीता रूपौ थाना क्षेत्र के फरेदा गांव की रहने वाली थी. शादी के बाद दोनों का परिवार बढ़ा और सात बच्चे हुए. इतने बड़े परिवार के बावजूद पति-पत्नी के रिश्ते में विश्वास की जगह शक ने ले ली.
परिजनों के मुताबिक, रवि अक्सर बबीता पर बेवजह शक करता था. घर में इस बात को लेकर आए दिन झगड़े होते थे. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद एक दिन खौफनाक हो जाएगा.
घटना वाले दिन दोनों के बीच कहासुनी हुई. विवाद इतना बढ़ा कि रवि ने आपा खो दिया. उसने चाकू उठाया और पत्नी बबीता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. यह पूरी वारदात बच्चों के सामने हुई.
यह भी पढ़ें: डाइटिशियन पत्नी की हत्या के बाद पति ने संदूक में रखा शव, फिर सीमेंट डालकर गलाया... सूरत में पति की खौफनाक करतूत
मृतका के 16 साल के बेटे ने कहा कि उसके पिता अक्सर मां पर शक करते थे। घटना के दिन भी इसी बात पर विवाद हुआ और फिर पिता ने मां के सीने में चाकू मार दिया. मां की चीख सुनकर परिवार और आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
गंभीर रूप से घायल बबीता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गहरे घावों के कारण उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी रवि मांझी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घर के बाद घर में मातम पसरा हुआ है. सातों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.